scriptजिले के किसानों पर इतना कर्ज, सरकार के छूटेंगे पसीने | So much debt on the farmers of district, the government will trouble | Patrika News
शाजापुर

जिले के किसानों पर इतना कर्ज, सरकार के छूटेंगे पसीने

राहत का इंतजार: -शासन स्तर पर चल रही कर्ज माफी की कार्रवाई, बैंक अधिकारियों ने तैयार की सूची

शाजापुरDec 28, 2018 / 11:47 am

Lalit Saxena

patrika

govt, loan,kisan,calculation

शाजापुर. कांग्रेस सरकार के वचन पत्र में सरकार बनने के बाद 10 दिन में किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने का वादा किया था। इसके बाद पूरे प्रदेश सहित जिलेभर में बैंकों से कर्जधारक किसानों की जानकारी एकत्रित की जाने लगी। जिले के अधिकारियों ने कर्ज की संपूर्णजानकारी तैयार कर ली। जिसे वरिष्ठ स्तर पर भी भेज दिया गया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और जिले की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों से मिलाकर 18 39 करोड़ रुपए का किसानों का कर्ज माफ होना है। इसके लिए शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है। जिला स्तर पर अधिकारियों के पास कोईनिर्देश अभी-भी नहीं मिले है।
शाजापुर और आगर जिले में मिलाकर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की कुल 146 सोसाइटियां हैं। इन सोसाइटियों पर दोनों जिले के मिलाकर करीब 94 हजार किसानों ने 31 मार्च 2018 की स्थिति में लगभग 415 करोड़ रुपए का कर्ज ले रखा है। इसी तरह जिलेभर की राष्ट्रीयकृत बैंकों में मिलाकर 1424 करोड़ रुपए का कर्ज किसानों पर बकाया है। इसे मिलाकर जिले में कुल 1839 करोड़ रुपए का किसानों का कर्ज माफ होने की संभावना जताई जा रही है। राष्ट्रीयकृत बैंकों के अनुसार उन्हें अभी कर्जमाफी के संबंध में कोई निर्देश नहीं मिले है, लेकिन वरिष्ठ कार्यालयों को भेजी जाने वाली जानकारी के अनुसार उक्त बकाया राशि के आंकड़े जरूर एकत्रित कर लिए गए है।
इसी तरह जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अनुसार उन्होंने किसानों की जानकारी तो एकत्रित कर ली है, लेकिन इसके आंकड़े प्रतिदिन बदल रहे हैं। उन्हें भी अभी आगामी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ स्तर से कोई निर्देश नहीं मिले हैं। ऐसे में वे भी अपनी जानकारी को ही व्यवस्थित करने में जुटे हुए है।
किसानों को इंतजार कर्ज माफी का
प्रदेश में सरकार बनने के 10 दिन में किसानों को कर्ज माफी के लिए वादा किया गया था। वहीं मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ही सभी जगह पर किसानों की बकाया राशि का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने संबंधी आदेश भी जारी कर दिए गए, लेकिन उक्त कार्रवाई को लेकर अन्य निर्देश नहीं दिए गए है। इससे अधिकारी असमंजस में है। वहीं किसानों को भी उनके कर्ज माफी का इंतजार है।
अलग-अलग माह की मंगवाई जानकारी
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अनुसार शासन स्तर से जो आदेश आए थे उसमें 31 मार्च 2018 की स्थिति में किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ लिखा हुआ था, लेकिन बैंक से 31 मार्च 2018 , 30 जून 2018 और 30 सितंबर 2018 की स्थिति में ऋणधारक किसानों की जानकारी मंगवाई गई है। जिसे तैयार करके शासन स्तर पर भेज दिया गया है। बताया जाता है कि सरकार की कैबिनेट में अनुमोदन होकर भोपाल स्तर पर इस कार्य के लिए 21 सदस्यों की एक समिति बनाई गई है। इस समिति में प्रमुख सचिव के मार्गदर्शन में योजना तय की जा रही है। जिसे कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। कैबिनेट के निर्णय के बाद ही स्पष्ट निर्देश जारी होंगे।
हो रही जांच
जिला सहाकरी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों के अनुसार शाजापुर और आगर जिले की सभी 146 सोसायटियों में जो जानकारी तैयार की गई है उसकी लगातार जांच की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग दल बनाए गए हैं जो सोसायटियों में पहुंचकर चैकिंग और सूपर चैकिंग कर रहे है। ऋण का आंकड़ा लगातार बदल रहा है। इससे एक दम स्पष्ट आंकड़ा अभी तक भी सामने नहीं आ पाया है कि कितने किसानों का कितना कर्ज माफ होगा।
& कर्ज माफी को लेकर जिले की सोसाइटियों की जानकारी की चैकिंग की जा रही है। अभी वरिष्ठ स्तर से स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं कि कितने किसानों का कितना कर्ज माफ होगा। निर्देश अनुसार कार्रवाई की जाएगी। डीआर सरोठिया, प्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक-शाजापुर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो