scriptइस शहर में भाजपा ने जीते सबसे ज्यादा वार्ड, फिर भी हो गई पराजित | The BJP has won the highest ward in this city | Patrika News
शाजापुर

इस शहर में भाजपा ने जीते सबसे ज्यादा वार्ड, फिर भी हो गई पराजित

मतदान के बाद स्पष्ट हुई स्थिति में शाजापुर विधानसभा में कांग्रेस की एकतरफा जीत हुई। वैसे तो कांग्रेस ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में ही भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया

शाजापुरDec 14, 2018 / 11:52 am

Lalit Saxena

patrika

मतदान के बाद स्पष्ट हुई स्थिति में शाजापुर विधानसभा में कांग्रेस की एकतरफा जीत हुई। वैसे तो कांग्रेस ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में ही भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया

शाजापुर. मतदान के बाद स्पष्ट हुई स्थिति में शाजापुर विधानसभा में कांग्रेस की एकतरफा जीत हुई। वैसे तो कांग्रेस ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में ही भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया, लेकिन शहर के 29 वार्ड में से कांग्रेस के पास 13 वार्ड ही आए। 15 वार्ड में भाजपा को बढ़त मिली, जबकि एक वार्ड में भाजपा के बागी निर्दलीय ने बढ़त हासिल की। इसके बाद भी कांग्रेस को शहर से 4 हजार से ज्यादा वोट की बढ़त मिली।
मतदान के बाद हर कोई पूरे विधानसभा में पोलिंग के हिसाब से प्रत्याशियों को मिले मतों की गणना में लगा हुआ है। शहर की बात की जाए तो 29 वार्ड में 55 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। इसमें पोलिंग बूथ क्रमांक 150 से लेकर 204 तक के पोलिंग शामिल रहे। इन पर भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय के बीच मुकाबला देखने को मिला। शहर के इन सभी वार्ड के पोलिंग की सबसे खास बात यह रही कि यहां पर सभी पोलिंग से भाजपा और कांग्रेस के साथ ही भाजपा के बागी को भी वोट मिले। भाजपा के अरुण भीमावद मूल रूप से तिलावद गोविंद के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से उनका निवास शहर के वार्ड क्रमांक १९ नीमवाड़ी में ही हैं। कांग्रेस के हुकुमसिंह कराड़ा का मूल निवास ग्राम शादीपुरा है। शहर में कराड़ा की अपेक्षा ज्यादा समय गुजारने वाले भीमावद को शहर से 4088 वोट की हार मिली, जबकि भीमावद शहर के 29 में से 15 वार्ड में बढ़त मिली, लेकिन ये बढ़त बहुत कम रही।
शहर के वार्ड में कहीं पर भाजपा को कहीं पर कांग्रेस का चला जोर
शहर के 29 वार्ड में भाजपा और कांग्रेस के अपने-अपने गढ़ हैं। कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ में भी सेंधमारी कर दी। इसका परिणाम यह रहा कि कांग्रेस को 13 वार्ड में ही बढ़त मिलने के बाद भी उसके वोट अन्य प्रत्याशियों से ज्यादा रहे। वार्ड क्रमांक 1, 3, 5, 6 , 7, 8 , 10, 12, 13, 15, 16 , 17 और 26 में कांग्रेस को जमकर बढ़त मिली। इसमें सबसे ज्यादा बढ़त वार्ड 5, 6, 7, 8 , 10, 12, 15 और 17 में मिली।
शहर के वार्ड क्रमांक 9 में भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी जेपी मंडलोई को भाजपा और कांग्रेस से ज्यादा वोट मिले। भाजपा को शहर के वार्ड क्रमांक 2, 4, 11, 14, 18 , 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 27, 28 और 29 में वोटों की बढ़त तो मिली, लेकिन ये नाकाफी साबित हुई।
डाक मतपत्र में भी कांग्रेस को मिली जीत
शाजापुर विधानसभा में नोटा छोड़कर कुल 1070 डाक मतपत्र वेध पाए गए। इसमें भी कांग्रेस को सर्वाधिक वोट मिले। डाक मतपत्रों की गिनती के बाद यहां पर भाजपा को 371, कांग्रेस को 490 और भाजपा के बागी को 183 वोट मिले। इनको भी शाजापुर शहर के 29 वार्ड के वोटों के साथ जोड़ा जाए तो कांग्रेस को शहर में कुल 4207 वोट की लीड मिली।

Home / Shajapur / इस शहर में भाजपा ने जीते सबसे ज्यादा वार्ड, फिर भी हो गई पराजित

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो