scriptलॉकडाउन से अपराधों पर ‘लॉक’,सड़क हादसे घटे,घरेलू झगड़े बढ़े | Lockdown leads to 'lock', road accidents on crimes, increased domestic | Patrika News
श्योपुर

लॉकडाउन से अपराधों पर ‘लॉक’,सड़क हादसे घटे,घरेलू झगड़े बढ़े

-12 दिन में बलात्कार,छेड़छाड़,लूट,डकैती का 01 भी मामला दर्ज नहीं-सड़क हादसा भी महज एक-पुलिस की सख्ती से लॉकडाउन उल्लंघन के मामलों की संख्या बढ़ी

श्योपुरApr 03, 2020 / 07:51 pm

Laxmi Narayan

लॉकडाउन से अपराधों पर 'लॉक',सड़क हादसे घटे,घरेलू झगड़े बढ़े

लॉकडाउन से अपराधों पर ‘लॉक’,सड़क हादसे घटे,घरेलू झगड़े बढ़े

श्योपुर,
भलेही लॉकडाउन कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू किया गया है। मगर इससे अपराधों पर भी लॉक लग गया है। वहीं सड़क हादसे भी घटे है।जो पुलिस विभाग के लिए राहतभरी खबर है। बीते 12 दिनों मे जिले में बलात्कार,छेड़छाड़, लूट और डकैती का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। वहीं सड़क हादसा भी महज एक घटित हुआ है। जबकि जिले की सड़कों पर सड़क हादसे आए दिन घटित होते थे।
पुलिस अफसरों की माने तो 22 मार्च को जनता कफ्र्यू और उसके बाद से लॉकडाउन की वजह से बाजार बंद है। शहर सहित जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी है। इसलिए अपराधी भी घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे है। मगर लोगों के घर में रहने से घरेलू झगड़े बढ गए है। वहीं पुलिस की सख्ती से लॉकडाउन उल्लंघन के मामले बढ़ रहे है।
46 के खिलाफ लॉक डाउन उल्लंघन की एफआईआर
पुलिस ने लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सख्ती दिखा रही है और जो लॉक डाउन का उल्लंघन कर रहा है,उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर रही है। एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि अभी तक 46 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है।
12 दिन में एक हत्या,12 मारपीट के मामले दर्ज
लॉकडाउन के कारण गंभीर अपराध घटे है। मगर घरेलू विवाद बढ़ गए है। पुलिस विभाग के सूत्रों की माने तो 22 मार्च से लेकर 3 अप्रैल तक जिले में मारपीट के 12 अपराध दर्ज है। जिनमें घरेलू मारपीट के मामले ज्यादा है। जबकि हत्या का एक मामला दर्ज हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति की उसके चचेरे भाई व उसके परिजनो ने कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।
थानो तक आने में दिक्कत,इसलिए भी घटे अपराध
लॉकडाउन के कारण लोगो को पुलिस स्टेशनों तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है। इसलिए भी अपराधों का आंकडा घटा है। एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि शहर सहित जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसलिए गंभीर अपराध घटित नहीं हो रहे है। बाहर से आने वाले लोगो की स्क्रीनिंग हो रही है। इसलिए अपराधी भी नहीं निकल पा रहे है।
वर्जन
लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रहे है। जिससे अपराधों के ग्राफ में कमी आई है। जो लॉकडाउन तोड़ रहे है,उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
संपत उपाध्याय
एसपी,श्योपुर
12 दिन में घरेलू विवाद के मामले एक नजर में
-22 मार्च को ढोढर के बाला का सहराने में रामकिशन आदिवासी ने मना करने के बाद भी पत्नी के मायके चले जाने से नाराज होकर पत्नी और सास की मारपीट कर दी।
– 24 मार्च को मानपुर थाने के गांव जैनी में पेड़ काटने की बात पर दो सगे भाईयों के बीच मारपीट हो गई।
-25 मार्च को विजयपुर थाना क्षेत्र के गुंजनपुरा गांव में बंटवारे को लेकर वृद्ध पिता की उसके बेटो ने मिलकर मारपीट कर दी।
-29 मार्च को रघुनाथपुर गांव सुमरेरा में एक युवक की इलाज कराने की कहने पर उसके भाईयो ने मारपीट की दी।
-29 मार्च को मानपुर थाना क्षेत्र में घर लौटी युवती की उसके पिता और भाईयो ने घर जाकर कुल्हाड़ी से मारपीट कर दी। परिजन युवती के घर से भागकर प्रेम विवाह रचाने से नाराज थे।
-30 मार्च को गसवानी थाने के गांव मोहनपुर में बुद्दा उर्फ वेदप्रकाश धाकड़ की उसके चचेरे भाई और उसके परिजनो ने दीवार बनाने के विवाद में कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

Home / Sheopur / लॉकडाउन से अपराधों पर ‘लॉक’,सड़क हादसे घटे,घरेलू झगड़े बढ़े

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो