scriptडीएपी का संकट या फिर मुनाफाखोरी का खेल ! | sheopur | Patrika News
श्योपुर

डीएपी का संकट या फिर मुनाफाखोरी का खेल !

अन्नदाता पर चौतरफा से बरसी आफत…ग्वालियर-चंबल संभाग में खाद की मारामारी, लूट, चोरी, जाम और उपद्रव की राह अपनाने को मजबूर किसान

श्योपुरOct 23, 2021 / 11:43 am

jay singh gurjar

डीएपी का संकट या फिर मुनाफाखोरी का खेल !

डीएपी का संकट या फिर मुनाफाखोरी का खेल !

ग्वालियर-अंचल,

बाढ़ और बारिश का दंश झेल चुके अन्नदाता पर एक बार फिर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस बार किसानों के सामने रबी फसलों की बोवनी का संकट है। संभाग के जिलों में डीएपी खाद के लिए मारामारी है। दिनभर कतार में खड़े रहने और रात वितरण केन्द्र के बाहर गुजारने के बाद भी खाद मयस्सर नहीं हो पा रही है। डीएपी की किल्लत और प्रशासन की अव्यवस्था के कारण बेबस किसान उग्र प्रदर्शन को मजबूर हैं। भिण्ड में खाद गोदाम से चोरी और मुरैना में कृषि मंडी में आए खाद के ट्रक को लूटने की वारदात भी हो चुकी है। किसानों की लाचारी का मुनाफाखोर फायदा उठाने लगे हैं। उत्तरप्रदेश और गुजरात से अवैध खाद का भंडारण कर ऊंचे दाम पर बेच रहे हैं। इस खेल के आगे प्रशासन भी बौना साबित हो रहा है।

1200 की डीएपी बोरी 1700 में बेच रहे
1200 रुपए की डीएपी बोरी 1700 में और 270 की यूरिया की बोरी 400 रुपए खुलेआम बेची जा रही है। फसलों को जीवनदान देने के लिए किसान ऊंचे दाम पर इन्हें खरीदने को मजबूर हैं। भिण्ड के फूप, गोरमी और देहात थाना क्षेत्र के बीटीआइ इलाके में खाद व्यापारियों को कालाबाजारी करते पकड़ा जा चुका है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई ऊंट के मुंह में जीरा समान
गोदाम से खाद की बोरियां चुराईं, केस दर्ज
भिण्ड जिले के फूप थाना अंतर्गत ग्राम सराय का पुरा स्थित खाद गोदाम से 9 अक्टूबर की रात ताला तोडक़र बोरियां ले जाने की घटना हुई। कृषि साख सहकारी समिति प्रबंधक द्वारा प्रकरण दर्ज कराने की बात करने पर किसानों द्वारा लूटी गई खाद की बोरियों को वापस गोदाम में रख दिया। बावजूद इसके 8 दिन बाद सभी 4 किसानों के खिलाफ लूट के आरोप में केस दर्ज किया। 11 अक्टूबर को सबलगढ़ के गल्ला मण्डी परिसर में खाद लूटने घटना भी हो चुकी है।

खाद के लिए लगाया जाम
मुरैना के कैलारस में पर्ची वितरण केंद्र पर पथराव व जाम लगाने का प्रयास हुआ। शहर में भी एमएस रोड पर जाम आंदोलन हो चुका है। वहीं शिवपुरी के पोहरी में भी अन्नदाता का सब्र सडक़ पर फूट पड़ा। अंबाह में प्रदर्शन आंदोलन, पोरसा में धरना ज्ञापन आंदोलन किया जा चुका है।

नकली खाद खपाने का भंडाफोड़
पोरसा में तो नकली खाद किसानों को खपाने का खेल चल रहा था। सूचना पर पुलिस ने छापामार गोदाम सील किया और संचालक पर एफआइआर दर्ज की। वहीं डबरा में भी अमानक खाद को बेचने की तैयारी थी। ऐन मौके पर पुलिस ने जालसाज को धरदबोचा। वहीं सिहोनिया में कालाबाजारी व जमाखोरी पर दो लोगों सहित कुल 3 लोगों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की जा चुकी है।
संभाग के जिलों में खाद संकट की स्थिति
क्र. जिला किसान रबी रकबा जरूरत खाद उपलब्धता एफआइआर
(हेक्टेयर) (मीट्रिक टन) (मीट्रिक टन)
1. मुरैना 3 लाख 2.72 लाख 7500 3286 03
2. भिण्ड 2.80 लाख 2.75 लाख 25500 673 02
3. शिवपुरी 2.54 लाख 4.45 लाख 24000 6900 00
4. श्योपुर 1 लाख 1.64 लाख 13000 8000 00
5. दतिया 2.02 लाख 2.27 लाख 47373 9516.62 00
6. डबरा 6000 60127 11000 450 00

Home / Sheopur / डीएपी का संकट या फिर मुनाफाखोरी का खेल !

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो