जानकारी के मुताबिक ग्राम देवखो निवासी विजय लोधी(30) अपनी पत्नी रामरती(26) व बेटा राज (8) के साथ बाइक पर सवार होकर गुरुवार की शाम करीब 5 बजे ग्राम कदवाया रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर चालक ने तीनों पर वाहन चढ़ा दिया। हादसा इतना भीषण था कि रामरती व उसके पति विजय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटा राज गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भर्ती कराया गया है। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। यहां बताया जा रहा है कि आरोपी चालक केरन लोधी निवासी देवखो मृतका रामरती का चचेरा भाई है। चूंकि रामरती ने विजय से लव मैरिज की थी और इस बात को लेकर केरन व उसके परिवार वाले शादी के बाद से ही विजय व रामरती के विरोध में थे और इनके बीच कई बार विवाद भी हो चुका है। ऐसी चर्चा है कि कुछ दिन पूर्व विजय व अन्य लोगों ने केरन के साथ इसी विवाद के चलते मारपीट कर दी थी और उसी का बदला लेने के फेर में केरन ने आज इस हत्याकांड को अंजाम दिया। उधर घटना के बाद आक्रोशित मृतक विजय के परिजनों ने केरन के घर में आग लगा दी, जबकि केरन घटना के बाद से अपने परिवार के लोगों के साथ मौके से फरार हो गया। बाद में मौके पर पहुंची दमकल ने जैसे-तैसे केरन के घर में लगी आग को बुझाया। इधर पुलिस ने आरोपी केरन के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
– रामरती व विजय ने लव मैरिज की थी। रामरती आरोपी केरन की चचेरी बहन है। शादी के बाद से ही केरन व उसके परिजन इस शादी के विरोध में थे और इसी विवाद के चलते केरन ने अपने डंंपर से दोनों को कुचल दिया। केरन के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जल्द उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
सुनील खेमरिया, टीआईखनियाधाना।