जानकारी के मुताबिक ग्राम धमधौली निवासी रतन सिंह पाल (34) ने बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे घर के पास ही स्थित खेत में अपनी पत्नी सावित्री (28) की पहले जमकर मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इस हृदय विदारक घटना में रतन का साथ उसके पिता किलोल सिंह व मां दिन्नू बाई ने भी दिया। घटना के बाद रतन सिंह ने अपने ससुराल दबरा करैरा में फोन लगाकर बोल दिया कि सावित्री को मैंने मार दिया है, उसकी लाश ले जाना। इस पर से सावित्री का भाई रामनिवास तुरंत ग्राम धमधौली पुलिस के साथ पहुंचा तो सावित्री का शव घर के पास खेत में पड़ा हुआ था, जबकि रतन सिंह अपने माता-पिता के साथ फरार था। रामनिवास ने पुलिस को दिए बयानों में बताया है कि उसकी बहन की शादी 6 साल पूर्व हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही रतन व उसके माता-पिता सावित्री पर दहेज के लिए दबाव बना रहे थे। इसके साथ ही सावित्री ने पहले जुड़वा बेटियों को जन्म दिया और फिर उसके बाद एक-एक बेटी हुई। चार बेटी होने व बेटा न होने के कारण भी यह लोग आए दिन सावित्री को ताना मारकर परेशान करते थे। अब इन तीनों ने मिलकर उसकी बहन की हत्या ही कर दी। पुलिस ने रामनिवास की शिकायत पर रतन सिंह व उसके माता-पिता पर हत्या का केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीहोर थाना प्रभारी रामराजा तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना के बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। साथ ही मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ ही उसके भाई की रिपोर्ट पर पति, सास-ससुर पर हत्या का मामला दर्जकर लिया है। घटना के बाद ही आरोपी घर से फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुट ई है जल्द ही इन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सावित्री के भाई ने दहेज की मांग व बेटी होने पर ताना मारने का कारण बताया है। उसकी रिपोर्ट पर से तीनों आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज किया है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
रामराजा तिवारी, थाना प्रभारी सीहोर