जोगिया कोतवाली क्षेत्र के लखनापार गांव में प्रेमिका को भगा ले जाने के आरोपी युवक के परिवार वालों पर लड़की वाले लड़की को हाजिर करने का दबाव बना रहे थे। यह मामला पुलिस के पास भी था। गुरूवार देर रात लड़की के परिजन आरेापी युवक के परिवारवालों से भिड़ गए। आरोपी युवक के घर जम कर तोड़-फोड़ करने के बाद लड़की वालों में मौके पर पहुंची पुलिस को भी दौड़ा लिया।
मामले में पुलिस ने अब तक एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी की तलाश जारी है। लखनापार गांव के रामफल की बेटी को गांव का सागर 15 दिन पहले भगा ले गया था। लड़की के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान कोई कार्रवाई नहीं हुई तो गुरुवार शाम में दोनों पक्षों में पंचायत चली। लड़की वालों ने बेटी को हाजिर कराने की मांग रखी। पंचायत के दौरान कहा-सुनी बढ़ी तो लड़के के पिता राजेन्द्र व चाचा पथरी ने जानकारी न होने की बात कही। मामला बढ़ने लगा तो लड़के पक्ष वाले जो करना हो कर लेना धमकी देते हुए पंचायत से उठ कर चले गए।
गुरूवार देर रात गए लड़की पक्ष वालों ने गोलबंद होकर राजेन्द्र व उसके भाई पथरी के घर धावा बोल दिया। किचेन, शौचालय को ढहा दिया व बरामदे में खड़ी बाइक को ईंट से कूचने के साथ डेहरी में रखे अनाज को फेंक दिया। इस बीच दोनों पक्षों में पत्थरबाजी शुरू हो गई थी। लड़की के भाई रामफल के सिर में गम्भीर चोट आई कई टांके लगे जबकि बाबा सुखदेव भी चोटिल हो गए।
गांव के चौकीदार ने डॉयल 100 को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंची पुलिस को लड़की पक्ष वालों ने यह कहते हुए दौड़ा लिया कि तुम लोग कोई कार्रवाई नहीं करते हो और लड़के वालों से मिले हो। किसी प्रकार पुलिस वहां से जान बचा कर भागी।
इसके बाद जोगिया कोतवाली से भारी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने 18 को नामजद करते हुए 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर
धर्मेन्द्र , राजपाती, तिलका, सुनीता, सुखदेव, रामफल सहित 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की गिरफ्तारी में जुटी है।
जोगिया कोतवाली प्रभारी हरिनारायन दीक्षित का कहना है कि लड़की पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही थी। लड़की वालों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। कुछ की गिरफ्तारी की जा चुकी है बाकी के लिए प्रयास किया जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
By- Suraj Singh