सीकरPublished: Feb 28, 2023 12:29:43 pm
Ajay Sharma
धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले पहले प्रसिद्ध हुए, फिर बर्बाद: गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार व पीएम मोदी की तुलना हिटलर से करते हुए जमकर निशाना साधा है।इस दौरान सीएम गहलोत ने पेपर लीक व शिक्षक भर्ती परीक्षा पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में साढ़े तीन से चार लाख लोगों को नौकरी दी है। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कानून लाकर उनके मकान ध्वस्त करने जैसी कार्रवाई भी की है। उन्होंने कहा हाल में चल रही परीक्षाओं से 50 हजार लोगों को आगामी एक से डेढ महीने में नौकरी मिल जाएगी। सीएम ने इस दौरान मुख्यमंत्री चिरंजीवी, सेनेट्री नेपकिन व ओपीएस जैसी योजनाओं की उपलब्धियां भी गिनाई।
फतेहपुर के रोलसाबसर में विधायक हाकम अली के यहां निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद कहा कि लोकतंत्र में सत्ता विपक्ष की बातों पर ध्यान देकर उसे गंभीरता से लेती है। लेकिन दुर्भाग्य से देश में फासीस्ट सरकार आ गई है। जिसे देश की चिंता नहीं है। धर्म के नाम पर राजनीति करने के साथ वह देश को जाति में बांट रही है। आगे कहा कि दुनिया के मुल्क गवाह है कि जिसने भी धर्म के नाम पर राजनीति की वह हिटलर की तरह एक बार तो प्रसिद्ध हो गए, लेकिन बाद में वे बर्बाद हुए। बोले, हमारे देश की संस्कृति, परंपरा व सभ्यता गौरवशाली है। जिसमें सभी धर्मों के लोग एक दूसरे का सम्मान करते हुए मिलकर रहते हैं। ऐसे माहौल को बिगाडऩे का काम किया जा रहा है। पत्रकार, लेखक व साहित्यकारों को भी दबाया जा रहा है। राजस्थान में आगामी चुनावों पर उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रबंधन व योजनाओं से राजस्थान सरकार ने देश में बड़ा उदाहरण पेश किया है। ऐसे में उन्हें लगता है कि उनकी सरकार फिर से बनेगी। कहा कि हांलांकि पीएम मोदी व गृह मंत्री अमित शाह जैसे भाजपा नेता रोड शो जैसे कार्यक्रमों से माहौल बनाएंगे। पर अब जनता उनके हथकंडों को समझ गई है। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा सहित अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।