सिरोही. पुलिस मुख्यालय की ओर से सडक़ हादसे और उनमें मौतों की संख्या को कम से कम करने को लेकर काम किया जा रहा है। इसको लेकर यातायात नियमों की पालना सहित ब्लैक स्पॉट खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति देखतें तो जिले में पांच ब्लैक स्पॉट है, जो जानलेवा बने हुए हैं। बीते तीन साल में यहां 71 हादसे हुए, जिनमें 66 लोगों को जान गंवानी पड़ी। सिरोही जिला पुलिस की ओर से हाल ही तैयार की गई रिपोर्ट में हादसे और मौतों की स्थिति सामने आई है। जिले से गुजरने वाले दो नेशनल हाइवे पर पांच ब्लैक स्पॉट अक्सर हादसे का कारण बन रहे हैं। इन पांच ब्लैक स्पॉट का दायरा महज पांच किलोमीटर है, लेकिन हादसे और मौतों की संख्या देखकर लगता है, मानो पांच किमी दायरे में मौत का तांडव मचा हुआ है।