scriptमाउंट में अनोखी परिपाटी, धरने के बाद जगता है सोया प्रशासन | Unique tradition in Mt, soy administration wakes up after picketing | Patrika News
सिरोही

माउंट में अनोखी परिपाटी, धरने के बाद जगता है सोया प्रशासन

पार्षद गांगडि़या ने कार्यकर्ताओँ के साथ दिया सांकेतिक धरना, नारेबाजी की

सिरोहीJun 28, 2022 / 03:20 pm

MAHENDRA SINGH VAGHELA

माउंट में अनोखी परिपाटी, धरने के बाद जगता है सोया प्रशासन

माउंट में अनोखी परिपाटी, धरने के बाद जगता है सोया प्रशासन

माउंट आबू. माउंट आबू में विकास से लेकर लोगों के व्यक्तिगत कार्यों तक स्थानीय प्रशासन के अलग ही नियम चलते हैं। पिछले कई महीनों से यहां पर जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों या होटल व्यावसाइयों ने जब भी शहर के विकास या व्यक्तिगत कार्यों को लेकर धरने की चेतावनी दी या धरना दिया, तभी पालिका प्रशासन ने इन कार्यों पर गौर कर मौका मुआयना किया। कमोबेश यही स्थिति सोमवार को भी देखने को मिली, जब पार्षद सौरभ गांगडि़या ने अपने वार्ड में 6 माह से कोई भी विकास कार्य नहीं होने पर सोमवार को पालिका परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सांकेतिक धरना दिया तो पालिका प्रशासन जगा। सफाई निरीक्षक नाथाराम व एईएन नवोदितसिंह मौके पर पहुंचे और नपती कर 7 दिन में टेंडर व वर्क ऑर्डर जारी करने का आश्वासन तक दे दिया। उन्होंने सुबह 11 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पालिका परिसर सांकेतिक धरना शुरू किया। पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच पार्टी के पार्षद धीरज सोलंकी व देवीलाल भी मौके पर पहुंचे। वहां भाजपा मंडल अध्यक्ष टेकचंद भम्भाणी, नेता प्रतिपक्ष सुनील आचार्य के साथ पालिकाध्यक्ष जीतू राणा को ज्ञापन देकर 7 दिन में उनके वार्ड में विकास कार्य शुरू नहीं करवाने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। उधर, पालिकाध्यक्ष जीतू राणा व नगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नवनीत बंसल ने पत्रकारों से बातचीत कर धरने को राजनीतिक स्टंट करार दिया। उन्होंने कहा कि टोकन नहीं मिलने के कारण कार्य अटका हुआ था, अब जल्द शुरू हो जाएगा।
इनका कहना

सौरभ गांगडिया ने अपने स्तर पर धरना दिया होगा। मुझे इसकी जानकारी नहीं है। पार्षद धीरज सोलंकी व देवीलाल ने विकास कार्यों को लेकर धरने की चेतावनी दी है। विकास कार्य सात दिन में शुरू नहीं होने पर भाजपा के सभी पार्षद व कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।
– टेकचंद भम्भाणी, अध्यक्ष, भाजपा मंडल

मैंने सांकेतिक धरना दिया तो मुझे जल्द ही टेंडर व वर्क आर्डर जारी करने का भरोसा दिलाया है। आश्वासन दिया है। अगर कार्य शुरू नहीं हुआ तो मैं आमरण अनशन पर बैठूंगा।
– सौरभ गांगडि़या, पार्षद, माउंट आबू

वार्डों में विकास कार्य जारी है। पार्षद मुझे या पालिका के किसी भी अधिकारी को बताते तो पहले ही तुरंत एक्शन हो जाता।

– जीतू राणा, अध्यक्ष, नगरपालिका, माउंट आबू
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो