scriptइनेलो में रार तेज, इनसो को भंग करने के ओपी चौटाला के अधिकार को पौत्र दिग्विजय ने दी चुनौती | Digvijay challenges Chautala's right to dissolve INSO | Patrika News
सोनीपत

इनेलो में रार तेज, इनसो को भंग करने के ओपी चौटाला के अधिकार को पौत्र दिग्विजय ने दी चुनौती

हरियाणा के मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी चौटाला की ओर से गुरूवार को युवा इनेलो और छात्र संगठन इनसो को भंग करने का फैसला इनेलो और चौटाला परिवार में बड़ी दरार का कारण बनता दिखाई दे रहा है।

सोनीपतOct 12, 2018 / 06:44 pm

Brijesh Singh

digvijay chautala

digvijay chautala

चंडीगढ़/सोनीपत। हरियाणा के मुख्य विपक्षी दल इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी चौटाला की ओर से गुरूवार को युवा इनेलो और छात्र संगठन इनसो को भंग करने का फैसला इनेलो और चौटाला परिवार में बड़ी दरार का कारण बनता दिखाई दे रहा है। ताजा घटनाक्रम में ओपी चौटाला की ओर से किए गए फेरबदल की घोषणा को उनके पुत्र अजय सिंह चौटाला के छोटे पुत्र दिग्विजय सिंह चौटाला ने चुनौती दी है। दिग्विजय चौटाला का दावा है कि ओपी चौटाला इनसो को भंग नहीं कर सकते, क्योंकि इसका संबंध इनेलो से नहीं है। उन्होंने यह भी दलील दी है कि इनसो के संस्थापक अजय सिंह चौटाला हैं, इसलिए वे ही इसको भंग करने का अधिकार रखते हैं। दिग्विजय चौटाला की इस दलील को माना जाए, तो वे इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हुए हैं। साथ ही इनसो की राष्ट्रीय व हरियाणा प्रदेश इकाई भी अभी कायम है।

इनेलो कार्यालय ने फिलहाल साधी चुप्पी

दिग्विजय चौटाला की दलील पर इनेलो कार्यालय से जारी होने वाले बयानों में कोई जवाब नहीं दिया गया है। दिग्विजय सिंह चौटाला की दलील के अनुसार अजय सिंह चौटाला की ओर से भी कोई बयान नहीं आया है। ओपी चौटाला की ओर से इनसो को भंग किए जाने के ऐलान पर अजय सिंह चौटाला की ओर से कोई ऐतराज भी जारी नहीं किया गया है। हालांकि अजय सिंह चौटाला अभी तिहाड जेल में हैं, लेकिन ओपी चौटाला पार्टी की रैलियों के लिए जेल से अपना संदेश भेजते रहे हैं और अजय सिंह चौटाला भी इस विवाद पर अपना संदेश भेज सकते हैं। इस बीच हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला को इनेलो से निलंबित करने की चर्चा है, लेकिन पार्टी की ओर से इन चर्चाओं की पुष्टि या खंडन नहीं किया जा रहा। इस बयानबाजी के चलते हुए भी अजय सिंह चौटाला को इनेलो की हरियाणा इकाई में सेकेट्री जनरल और पालिटिकल अफेयर कमेटी में सदस्य रखा गया है।

यह है मामला
उल्लेखनीय है कि इनेलो में ओपी चौटाला के छोटे पुत्र और नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला एवं बडे पुत्र अजय सिंह चौटाला के सांसद पुत्र दुष्यंत के बीच पार्टी में वर्चस्व की जंग छिडी हुई है। इस जंग का पिछले सात अक्टूबर को इनेलो की ओर से गोहाना में आयोजित सम्मान दिवस रैली में तब खुलासा हुआ, जब अभय सिंह चौटाला के संबोधन के दौरान सुनियोजित तरीके से बैठाए गए कुछ युवकों ने हूटिंग की। इस बीच इनेलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओपी चौटाला ने पार्टी की हरियाणा इकाई के नए पदाधिकारियों घोषणा कर दी है। अशोक अरोड़ा एक बार फिर प्रदेशाध्यक्ष बनाए गए हैं। विधायक जसविंदर सिंह संधू, सतवीर वर्मा, ओमप्रकाश माटा, राजिंद्र बिसला पूर्व विधायक और चैधरी सुनील यादव को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डॉ. अजय सिंह चौटाला प्रदेश के सेक्रेटरी जनरल के पद पर बने रहेंगे जबकि रामकुमार सैनी पूर्व विधायक, वेद नारंग विधायक, बूटा सिंह लुक्खी और ईश्वर पलाका जनरल सेक्रेटरी नियुक्त किए गए हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो