scriptदौसा बायपास पर लगाए डिवाइडर: अब सैंथल पुलिया के नीचे से आना होगा | Dividers installed on Dausa Bypass: Now one has to come from under the | Patrika News
दौसा

दौसा बायपास पर लगाए डिवाइडर: अब सैंथल पुलिया के नीचे से आना होगा

जयपुर की ओर से दौसा शहर में प्रवेश का मार्ग बदला
 

दौसाMay 09, 2022 / 12:52 pm

Rajendra Jain

दौसा बायपास पर लगाए डिवाइडर: अब सैंथल पुलिया के नीचे से आना होगा

दौसा. जयपुर बायपास से दौसा शहर में प्रवेश के लिए बंद किया गया कट।

दौसा. दशकों से जयपुर की ओर से आने पर दौसा शहर में प्रवेश का मार्ग अब बदल गया है। प्रशासन ने जयपुर बायपास से दौसा में प्रवेश का रास्ता डिवाइडर लगाकर बंद कर दिया। लोगों को अब सैंथल मोड़ पुलिया के नीचे से दौसा शहर में आना होगा। नेशनल हाइवे व जिला प्रशासन ने यह निर्णय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किया है।
जानकारी के अनुसार गत दिनों जिला स्तरीय यातायात प्रबंधन समिति की बैठक में हाइवे पर दुर्घटना संभावित कटों को बंद करने का निर्णय किया गया था। इसके तहत जयपुर बायपास से दौसा शहर में प्रवेश करने का मुख्य कट बंद कर दिया गया। ऐसे में लोगों को अब मार्ग बदलकर शहर के अंदर आना पड़ रहा है। वहीं बिजली निगम के आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है।
अब चौराहे पर ध्यान देने की जरूरत
प्रशासन ने शहर में प्रवेश का नया मार्ग सैंथल मोड़ पुलिया के नीचे चौराहे से तय किया है, लेकिन वहां अस्थाई अतिक्रमण तथा थड़ी-ठेलों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में शीघ्र सर्विस लेन व चौराहे पर मार्ग क्लीयर कराने की जरूरत है, अन्यथा यातायात अव्यवस्था पैदा हो सकती है। वहीं चौराहे पर आगरा रोड की तरफ से आने वाली सर्विल लेन पर भी ब्रेकर की आवश्यकता है।
आगरा रोड प्रवेश मार्ग पर अव्यवस्था
शहर से आगरा रोड हाइवे पर जाने-आने के लिए भी वर्तमान में अव्यवस्था का आलम है। एक ही सर्विस लेन से दोतरफा यातायात होने से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं हाइवे पर जाने के दौरान हादसे की संभावना रहती है। इसी तरह कलक्ट्रेट चौराहा, भांडारेज मोड़, कालाखो मोड़, नांगल बैरसी मोड़, पुलिस लाइन चौराहा आदि जगह भी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

ये है नया मार्ग
नेशनल हाइवे-21 पर जयपुर की ओर से आने पर बंद हुए कट से कुछ मीटर आगे चलकर पुलिया के बगल से जा रही सर्विस लेन पर आगे जाकर सैंथल रोड चौराहे से शहर के अंदर प्रवेश करना होगा। इस दौरान यह सावधानी रखने की जरूरत है कि पुलिया पर नहीं चढ़कर सर्विस लेन को पकडऩा है।
अनभिज्ञता में पुलिया पर चढ़ गए
नेशनल हाइवे-21 से दौसा शहर में प्रवेश का नया मार्ग नहीं मालूम होने पर कई वाहन चालक हाइवे पर सीधे जाकर पुलिया पर चढ़ गए तथा करीब दो किलोमीटर का फेर लगाना पड़ गया।
सूचना ना संकेतक
प्रशासन ने हाइवे से शहर में प्रवेश का कट तो बंद कर दिया, लेकिन ना तो शहरवासियों को किसी माध्यम से सूचना दी गई और ना ही हाइवे पर संकेतक लगाए गए। इसके चलते रविवार को अधिकतर लोग कट बंद देखकर असमंजस में पड़ गए कि अब शहर में कैसे जाएं? वाहन चालक आसपास रहने वालों से नया रास्ता पूछते नजर आए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो