scriptएक एप बताएगा देश के खेल मैदान, सुविधाओं की जानकारी : राज्यवर्धन सिंह राठौड़ | Patrika News
खेल

एक एप बताएगा देश के खेल मैदान, सुविधाओं की जानकारी : राज्यवर्धन सिंह राठौड़

राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने जानकारी दी है कि देश में खेल मैदानों और अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किया जा रहा है।

Dec 06, 2017 / 10:53 am

ashutosh tiwari

rajyawardhan singh rathore
नई दिल्ली। केन्द्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने जानकारी दी है कि देश में खेल मैदानों और अन्य सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किया जा रहा है। मंगलवार को टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित अलंकरण समारोह में राठौड़ ने कहा ‘खिलाड़ियों के लिए आरक्षित पद पर उम्मीदवार नहीं मिलने पर खाली पद अगले वर्ष की रिक्तियों में जोड़ दिए जाएंगे।’
भारत सरकार ‘खेलो इंडिया’ के विजन पर कार्यरत
उन्होंने बताया, ‘खेलों से संबंधित मोबाइल एप्लीकेशन भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें खेल मैदानों, अन्य सुविधाओं और प्रशिक्षकों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने यह भी बताया ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया अभियान में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अच्छा इंजीनियर, अच्छा डॉक्टर और अच्छा नागरिक बनाने के लिए खेल आवश्यक हैं।’ भारत सरकार खेलो इंडिया के विजन पर कार्य कर रही है। देश में पहली बार अंडर-17 की खेल प्रतियोगिताओं का विशाल टूर्नामेंट 31 जनवरी से आठ फरवरी, 2018 तक आयोजित किया जाएगा।’
खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं और संसाधन
उन्होंने खिलाडियों को बेहतर सुविधाएं देने का दावा किया और कहा, ‘खिलाड़ियों को समर्थन और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पहले चरण की स्पांसरशिप भी केन्द्र सरकार देगी। हर वर्ष देश भर से एक हजार खिलाड़ियों को पांच लाख रुपये प्रति वर्ष के मान से आठ वर्ष की स्पांसरशिप दी जाएगी।’
खेल प्रशिक्षकों के लिए भी कई नये पहल
उन्होंने बताया, ‘विद्यालयों में आगामी ग्रीष्मावकाश से पूर्व आठ से चौदह वर्ष की उम्र की खेल प्रतिभाओं की खोज का कार्य भी किया जाएगा। उनकी शारीरिक क्षमताओं और दक्षताओं के आधार पर उनको उपयुक्त खेल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी तरह खेल प्रतिभाओं को खोजने वाले प्रशिक्षकों को भी उचित प्रोत्साहन और सम्मान दिए जाने की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि पदक विजेता खिलाड़ी के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित प्रोत्साहन राशि का 20 प्रतिशत हिस्सा प्रारंभिक कोच को मिले।’

Home / Sports / एक एप बताएगा देश के खेल मैदान, सुविधाओं की जानकारी : राज्यवर्धन सिंह राठौड़

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो