scriptकांग्रेस लगातार बोलती है झूठ, दिमाग भी नहीं करता काम-सीएम | Congress continuously tells lies, even the brain does not work - CM | Patrika News
बालाघाट

कांग्रेस लगातार बोलती है झूठ, दिमाग भी नहीं करता काम-सीएम

कांग्रेस की संविधान बदलने की बात भी झूठीसीएम ने लांजी में चुनावी सभा को किया संबोधित

बालाघाटApr 14, 2024 / 10:20 pm

Bhaneshwar sakure

1_1.jpg

बालाघाट. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बालाघाट के लांजी में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला। केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं का गुणगान किया। इस दौरान उन्होंने कोटेश्वर महालोक बनाने का वादा किया। मंच में संबोधन के दौरान सीएम ने बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी का नाम लेना भूल गए। उनके स्थान पर मंडला-सिवनी के प्रत्याशी का नाम ले लिया।
सीएम ने कहा कि डॉ. बाबा साहब आंबेडकर ने जन्म से लेकर अपनी पढ़ाई, नौकरी तक काफी संघर्ष किया। अपनी कठिनाईयों को भूलकर दूसरों के कष्टों के लिए लड़ते रहे। देश आजाद हुआ तो एक ऐसा संविधान दिया, जिसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा। संविधान में समानता दी, लोकतंत्र में कोई भी चुन सकता है सभी को मौका मिलने का अधिकार दिया। लेकिन कांग्रेस ने उन्हें कोई भी चुनाव नहीं जीतने दिया। उन्होंने जब पहला चुनाव लड़ा, तब पं. जवाहरलाल नेहरु प्रधानमंत्री थे। पं. जवाहर लाल नेहरु ने स्वयं चुनाव प्रचार करके डॉ. भीमराव आंबेडकर को चुनाव में हराने का कार्य किया। कांग्रेस बोलती कुछ है, करती कुछ है, झूठ इतना बोलती है कि दिमाग काम नहीं करता है। हाल ही में कांग्र्रेसियों ने संविधान को बदल देने का झूठ बोल दिया। जिसने अपने कार्यकाल में संविधान में 80-80 संशोधन कर संविधान की मूल भावना को कचरे में डाल दिया। कांग्रेस नेत्री स्व. इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगा दिया। जिसे देश कभी भूल नहीं सकता। वही कांग्रेस अब संविधान को बदलने का झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए डॉ. बाबा साहब आदर्श है। संविधान नहीं होता तो आज नरेंद्र मोदी पीएम नहीं होते।
सीएम ने कहा कि देश के अंदर कांग्रेस के समय पं. जवाहर लाल नेहरु ने किसी भी आदिवासी, एससी, ओबीसी को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया। इसके बाद उनकी बेटी इंदिरा गांधी लंबे समय तक रही। बाद में उनका बेटा लंबे समय तक रहा। अब एक भैया इधर-उधर घुम रहे हैं, उन्हें नहीं पता क्या कर रहे हैं। कांग्रेस रिमोट कंट्रोल से सरकार चलाने वाली है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा है कि न खाऊंगा न खाने दूंगा। जो खाने वाले हैं, वे अब जेल में है। अब ये राम-राम नहीं जपेंगे। क्योंकि मोदी न खा रहा है और न ही खाने दे रहा है, जो ईमानदार है वो देश में रहेगा। सुशासन की बात करेगा, वो सबके बीच रहेगा। जो गलत काम करेगा, पैसा खााएगा वह जेल में जाएगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने बालाकोट की घटना का भी जिक्र किया।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के मामले में भी अड़ंगे लगाए। 70 वर्ष तक मंदिर के नाम पर रोज आपत्ति लगाते रहे। हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट में भी बड़े-बड़े वकीलों से अड़ंगा लगाया। फैसला नहीं करने दे रहे थे। लेकिन भाजपा सरकार आई, पीठ से हमने बहस किया। सुप्रीम कोर्ट का निर्णय मंदिर के पक्ष में आया। अब भगवान राम का मंदिर धूमधाम से बनाया है। राम मंदिर का निर्माण हुआ, कांग्रेस को लोगों को बुलाया गया, लेकिन वे आए नहीं। जबकि दुशमन देश के लोग भी आए। ये लोग हिंदुओं को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखते। भगवान राम के कारण देश दुनिया में जाना जा रहा है।
कमलनाथ पर कसा तंज, कहा जमीन पर नहीं चलते
सीएम यादव ने कमलनाथ पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बगल के कांग्रेस के नेता 45 वर्ष तक छिंदवाड़ा में राज किए। हेलीकाप्टर से घर से उड़ते और घर में ही उतरते है। बेटा और परिवार वाले भी हेलीकाप्टर में ही चलते हैं। कांग्रेस के सभी नेता दुर्भाग्य से हवा में रहते हैं, जमीन पर नहीं चलते। जमीन पर जनता से उन्हें कोई लेना-देना नहीं होता है।

Home / Balaghat / कांग्रेस लगातार बोलती है झूठ, दिमाग भी नहीं करता काम-सीएम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो