scriptजवान को बचाने डिग्गी में कूदे सैन्य अधिकारी की मौत | Army officer died in farm Diggi at chak 54 F,srikaranpur | Patrika News
श्री गंगानगर

जवान को बचाने डिग्गी में कूदे सैन्य अधिकारी की मौत

https://www.patrika.com/sri-ganganagar-news/

श्री गंगानगरApr 19, 2019 / 09:44 pm

Rajaender pal nikka

Army officer died

जवान को बचाने डिग्गी में कूदे सैन्य अधिकारी की मौत

– जवान जिला मुख्यालय रेफर, रांची झारखंड का निवासी था अधिकारी

श्रीकरणपुर. चक 54 एफ के एक खेत में बनी डिग्गी में डूब रहे जवान को बचाते समय शुक्रवार को एक युवा सैन्य अधिकारी की मौत हो गई। उधर, जवान को राजकीय चिकित्सालय में प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला मुख्यालय के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि करीब चार सौ जवानों का सैन्य दल उस खेत में अभ्यास के लिए रुका हुआ था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया। मामले में सेना के एक अन्य अधिकारी की ओर रात करीब आठ बजे मर्ग दर्ज करवाई गई। वहीं, पोस्टमार्टम के लिए सैन्य अधिकारी का शव यहां के राजकीय चिकित्सालय में लाया गया।
एसआई श्याम सिंह के अनुसार घटना गांव 54 एफबी के तरसेमसिंह रामगढिय़ा के खेत में हुई। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे राइफल मैन सर्वजीत सिंह निवासी बदरा अबोहर (पंजाब) तैराकी अभ्यास के लिए डिग्गी में उतरा। वह डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए मौके पर मौजूद सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला (23) पुत्र जितेन्द्र शुक्ला ने छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने जवान को पानी के बाहर कर दिया। वहां मौजूद अन्य जवानों ने बाहर निकाला। लेकिन खुद डूबने लगे।
कुछ देर तक लेफ्टिनेंट के बाहर नहीं निकलने पर वहां मौजूद अन्य जवानों ने तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला को बाहर निकाला जा सका। बेहोशी की हालत में उन्हें तुरंत गजसिंहपुर के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां शाम करीब पांच बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में सेना की बटालियन (जेएंडके दस राइफल) के मेजर अशोक चौहान की ओर से मर्ग दर्ज करवाई गई है। मृतक सैन्य अधिकारी अनुराग शुक्ला आरोग्य हाउसिंग कॉलोनी रांची झारखंड के निवासी थे। प्रशिक्षण के बाद उनकी यह पहली नियुक्ति थी। करीब छह माह से वे अपने घर नहीं गए थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो