scriptश्रीगंगानगर की महिलाएं झुंझुनूं में दुल्हन बेचते गिरफ्तार | ladies of ganganagar arrested selling bridegroom in jhunjhunu | Patrika News
श्री गंगानगर

श्रीगंगानगर की महिलाएं झुंझुनूं में दुल्हन बेचते गिरफ्तार

-तीन लाख 60 हजार में बेची दस दिन के लिए दो दुल्हन
-पुलिस ने दोनों दुल्हन समेत नौ लोगों को किया गिरफ्तार

श्री गंगानगरFeb 26, 2018 / 09:20 pm

vikas meel

demo pic

demo pic

श्रीगंगानगर, झुंझुनूं.

पैसा लेकर दुल्हन बेचने का कारोबार अब मैरिज होम से होने लगा है। ये लोग पैसा लेकर शादी करवाते हैं। बाद में उसी दुल्हन को वापस भी लेकर आते हैं। झुंझुनूं जिले के गुढगौडज़ी इलाके में इसी तरह एक लाख 80 हजार रुपए लेकर दो शादियां करवाई गई। शुक्रवार शाम ये लोग जब दुल्हनों को लेने के लिए पहुंचे तो परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने शनिवार को दोनों दुल्हनों, मैरिज होम संचालकों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से पांच महिलाएं हैं।

 

गुढग़ौडज़ी थानाधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं में से पंजाब के फिरोजपुर की निवासी कमलदीप उर्फ खुशी और श्रीगंगानगर निवासी सुनीता दुल्हन है। इसके अलावा, इलाके के नंगली गुजरान गांव निवासी और वर्तमान में आबाद मीरा चौक श्रीगंगानगर निवासी सुनिता, बठिण्डा निवासी रणजीत कौर, नागौर निवासी व हाल आबाद श्रीगंगानगर निवासी माया जैन व मीरा चौक श्रीगंगानगर निवासी मंजू है। इसके अलावा नंगली गुजरान निवासी महेन्द्र, दुर्गाराम व श्रीगंगानगर निवासी जगमोहन व रामनाथ है। इनमें से माया जैन श्रीगंगानगर में मैरिज ब्यूरो चलाती है। अन्य सभी लोगों की भूमिका दलालों की रही है।

दुल्हन को वापस ले जाने के लिए घर पर डाला डेरा
गुढ़ागौडज़ी क्षेत्र की धावड़ों की ढाणी निवासी कैलाशचंद्र की शादी 12 फरवरी को कमलदीप उर्फ खुशी और सुरेश की शादी सुनीता से की गई थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि परिवारों ने प्रत्येक दुल्हन के बदले एक लाख 80 हजार रुपए दिए थे। मैरिज होम संचालक माया जैन व अन्य लोग शुक्रवार की शाम कैलाश के घर पहुंच गए। उन्होंने दुल्हन कमलदीप को वापस भेजने का दबाव डाला। नहीं भेजने पर कहा कि यहां पर शादी नहीं की गई थी। पैसे लेकर महज पांच दिन के लिए भेजा गया था। इन लोगों ने वहीं पर डेरा डाल लिया। कैलाशचंद ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर मामला दर्ज कर पुलिस शनिवार को मौके पर पहुंची। बाद में सभी को थाने लाया गया।


गांव ढाणी तक फैली है गिरोह की जड़

मामले की जांच में सामने आया है कि फर्जी दुल्हन बेचने के इस गिरोह की जड़ गांव-ढाणी तक जुड़ी हुई है। कैलाश ने पुलिस को बताया कि नंगली गुजरान निवासी उसके रिश्तेदार महेन्द्र व दुर्गाराम तथा घांघू निवासी प्रताप ने उसकी शादी करवाने के लिए एक लाख 80 हजार रुपए लिए थे। इसके बाद फिरोजपुर निवासी खुशी के साथ 12 फरवरी को उसकी शादी करवा दी गई। पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि महेन्द्र के परिवार के भाई सुरेश की भी इस गिरोह ने ही शादी करवाई थी।

 

धोखाधड़ी से शादी कर रुपए ठगने वालों को भेजा जेल
धावड़ों की ढाणी के युवक कैलाशचन्द्र को शादी का झांसा देकर एक लाख 80 हजार रुपए की ठगी कर लेने के मामले में गिरफ्तार चार पुरुषों व पांच महिलाओं को जेल भेज दिया है।

 

पुलिस ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार नंगली गुजरान निवासी महेन्द्र व दुर्गादत्त, भटिण्डा निवासी जगमोहन व फाजिल्का निवासी और मीरा चौक श्रीगंगानगर में रहने वाले रामनाथ को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। जिन्हें न्यायलय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में गिरफ्तार नंगली गुजरान निवासी व हाल आबाद मीरा चौक श्रीगंगानगर निवासी सुनिता, बटिण्डा निवासी रणजीत कौर, इस मामले में सरगना व मैरिज होम चलाने वाली नागौर निवासी व हाल आबाद श्रीगंगानगर माया जैन व मीरा चौक श्रीगंगानगर निवासी मंजू को शनिवार को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था। जबकि पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दुल्हन पंजाब निवासी कमलदीप उर्फ खुशी को नारी निकेतन भेज दिया।

Home / Sri Ganganagar / श्रीगंगानगर की महिलाएं झुंझुनूं में दुल्हन बेचते गिरफ्तार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो