सदर थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि गांव बगौहर (गोविंदसर, नवादा, बिहार) निवासी संजय (40) पुत्र लखन सिंह गांव सात एसजीएम में शर्मा ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह संजय और उसी गांंव के अशोक (22) व पिन्टूराम (24) ने ईंट भट्टे से छुट्टी रखी। इन सब लोगों ने सात एसजीएम में पंचायतघर के पीछे सिंचाई पानी के खाळे के पास बैठकर शराब पी। इस दौरान शराब में ज्यादा रुपए लगाने पर संजय और उसके दोनों साथियों में विवाद हो गया।
दोपहर करीब तीन बजे अशोक और पिन्टूराम ने संजय के सिर में ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी तथा शव को सिंचाई पानी के खाळे में फैंक कर फरार हो गए। शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर सूरतगढ़ के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।
इस संबंध में शर्मा ईंट भट्टा के मालिक गिरधारीलाल शर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया। तीन माह पूर्व ही आया था परिवार
सदर थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि करीब तीन माह पूर्व ही संजय परिवार सहित शर्मा ईंट भट्टा पर श्रमिक के रूप में काम करने के लिए आया था। इस भट्टे पर संजय के गांव के कई जने काम कर रहे हैं। शुक्रवार शाम हत्या के बाद संदेह के आधार पर अशोक व पिंटू को राउंडअप किया गया।
शराब का नशा उतरने के बाद दोनों जनों ने जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। संजय के पांच बच्चे है। परिवार में उसकी पत्नी बेबी, पुत्री चंचल, लाछो, पुत्र पवन, गुलशन, रविश कुमार हैं।