सपा प्रमुख अखिलेश यादव को प्रमुख रूप से गुना में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार के लिए बुलाया जा रहा है। यहां दो लाख से ज्यादा यादव वोटर्स हैं। इसके लिए ग्वालियर सीट पर भी उनकी सभा कराई जाएगी।
मध्यप्रदेश में इंडिया गठबंधन के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन नेताओं के दौरों के कार्यक्रम बना लिए हैं। इसके अनुसार समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव गुना लोकसभा सीट पर कांग्रेस का प्रचार करेंगे। अखिलेश यादव का ग्वालियर सीट पर भी कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार का प्रस्ताव है।
गुना लोकसभा सीट यादव बाहुल्य है। यहां से बीजेपी के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने कांग्रेस ने राव यादवेंद्र सिंह यादव को चुनाव मैदान में उतारा है। ग्वालियर से बीजेपी प्रत्याशी भारतसिंह कुशवाहा के मुकाबले कांग्रेस ने प्रवीण पाठक को अपना प्रत्याशी बनाया है। दोनों लोकसभा सीटों पर तीसरे चरण में चुनाव होना है।
इन दोनों लोकसभा सीटों की कुछ विधानसभाओं में यादव वोटर्स की संख्या सबसे ज्यादा है। यही कारण है कि यहां कांग्रेस की स्थिति मजबूत करने के लिए अखिलेश यादव के दौरे कराए जा रहे हैं। गुना और ग्वालियर को मूलत: ज्योतिरादित्य सिंधिया का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। सिंधिया को घेरने के लिए कांग्रेस सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सहारे यादव वोटर्स को साधना चाहती है।
इंडिया गठबंधन में एमपी में कांग्रेस ने खजुराहो लोकसभा सीट सपा को दी थी पर उनकी प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन ही निरस्त हो गया। खजुराहो में अब न तो सपा का और न ही कांग्रेस का कोई प्रत्याशी है। यहां से आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति को सपा और कांग्रेस समर्थन दे सकती है।