
ज्वैलरी शॉप में डेढ़ लाख की लूट का राज फाश
सूरत. पांच महीने पहले परवत गांव क्षेत्र की एक ज्वैलरी शॉप में हुई डेढ़ लाख रुपए की लूट का राज फाश करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा उसके फरार साथियों की खोज शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक सणिया कणदे गांव अंजनी नंदन रेजिडेंसी निवासी नाना उर्फ राजू दुसाने (51) ने ९ अप्रेल को परवत गांव की मधुर गोल्ड ज्वैलरी शॉप में लूट की साजिश रची थी। उसने इस साजिश में अपने मित्र फूलपाड़ा विराज विला निवासी किशोर राबडिय़ा और उत्तरप्रदेश के अब्दुल मतीन खान को शामिल किया।
लूट को अंजाम देकर भागने के लिए उन्होंने पहले एक कार चुराई, लेकिन लूट को अंजाम देने से पहले ही किशोर लूट के एक मामले साणंद जीआइडीसी थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। कुछ समय बाद नाना और अब्दुल मतीन ने लूट की साजिश को अंजाम दिया। ९ अप्रेल को अब्दुल मतीन दो साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर दुकान में घुसा और पिस्तौल दिखा कर एक लाख ४९ हजार ५०० रुपए की ज्वैलरी लूट ली।
भागते समय उन्होंने आस-पास के दुकानदारों को पिस्तौल दिखाई और कथित तौर पर हवाई फायर भी किया था। इस वारदात में नाना दुसाने का हाथ होने की मुखबिर से सूचना मिलने पर मंगलवार रात क्राइम ब्रांच ने उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
बंद मकान में चोरी
सूरत. उधना क्षेत्र में एक बंद मकान से चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत एक लाख ३३ हजार रुपए का सामान चुरा ले गए। पुलिस के मुताबिक चोरी उधना मफतनगर झोपड़पट्टी निवासी दिनेश खीमजी चौहाण के मकान में हुई।
एक निजी फर्म में बतौर खजांची काम करने वाला दिनेश परिवार के साथ ८ सितम्बर को चाणोद गया था। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश किया। वह विभिन्न अलमारियां और लॉकर तोड़ कर २४ हजार रुपए नकद, ८७ हजार ५०० रुपए के जेवर, एक मोबाइल और एक टीवी चुरा ले गए। दिनेश ने मंगलवार को उधना थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई।
Published on:
13 Sep 2018, 12:56 PM IST
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.