scriptमधुबन डेम से दमणगंगा में छोड़ा 33 हजार क्यूसेक पानी | 33 thousand cusec water left in Damanganga from Madhuban Dame | Patrika News
सूरत

मधुबन डेम से दमणगंगा में छोड़ा 33 हजार क्यूसेक पानी

चार गेट 2.30 मीटर तक खोले गए

सूरतJul 11, 2018 / 10:42 pm

सुनील मिश्रा

patrika

मधुबन डेम से दमणगंगा में छोड़ा 33 हजार क्यूसेक पानी


सिलवासा. महाराष्ट्र में हो रही भारी बारिश से मधुबन डेम में पानी की आवक बढ़ गई है। डेम में जल नियंत्रण के लिए दोपहर को 32 हजार, 660 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इंजीनियरों ने डेम के चार गेट 2.30 मीटर तक खोल दिए हैं। डेम में 51489 क्यूसेक की दर से जलभराव हो रहा है। गेट खोलते ही दमणगंगा, और साकरतोड़ नदी ओवरफ्लो हो गई है। डेम के अधिकारियों ने बताया कि पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। पानी बढऩे से दरवाजों की ऊंचाई और बढ़ाई जा सकती है। अथाल ब्रिज के पास दमणगंगा 28 मीटर ऊंचाई तक बहने लगी है। मसाट के तराई वाले इलाके, लवाछा मंदिर के पास नदी मुहानों को छूकर बहने लगी है।
24 घंटे मेें108 मिमी बारिश रिकॉर्ड
बुधवार को दिनभर रिमझिम व मूसलधार का दौर चलता रहा। बाढ़ नियंत्रण केन्द्र ने गत 24 घंटे मेें 108 मिमी बारिश रिकॉर्ड की है। दोपहर को मूसलधार बारिश से सर्वत्र पानी-पानी हो गया। बिना विराम लिए बारिश होने से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम रही। उद्योगों में कर्मचारी एवं श्रमिकों की कमी खली। सड़कों पर पानी बहने से गड्ढे पड़ गए हैं। बाजारों में पानी भरने से व्यापारी परेशान दिखाई दिए। बस स्टैण्ड परिसर में पानी का तालाब बन गया है। टोकरखाड़ा में सड़कों के किनारे पानी जमा हो गया है। दिन में वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। गुजरात परिवहन निगम की बसें देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को बसों के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।

गांवों में भी लोग रहे परेशान
दिनभर बारिश के चलते गांवों में भी लोग परेशान रहे। मूसलधार बारिश के कारण किसान खेतों में धानरोपण नहीं कर सके। गांवों से बच्चों को स्कूल तक जाने में परेशानी हुई। इससे अन्य दिनों की अपेक्षा स्कूलों में उपस्थिति कम रही। सब्जी बाजार में स्थानीय किसान नहीं पहुंचे सके।
दमण डिजास्टर मैनेजमेंट ने जारी की चेतावनी
दमण. भारी बारिश के चलते मधुबन डेम से पानी छोड़े जाने के कारण दमणगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा है। संघ प्रदेश दमण-दीव के दमण कलक्ट्रेट स्थित डिजास्टर मैनेजमेंट सेल की ओर से डिप्टी कलक्टर(जनरल) हरमिंदर सिंह ने लोगों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
इधर, अहमदाबाद स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है इसके तहत दमण जिला और आसपास के विस्तारों में अगले 5-7 दिनों तक बारिश होने की संभावना है। मधुबन डेम से पानी छोड़े जाने के चलते दमणगंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ा रहेगा। बुधवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 13.08 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। पहली जून से आज तक कुल 1075.98 मिमी वर्षा हुई है। मधुबन डेम से बुधवार को लगभग 33 हजार क्यूसेक पानी दमणगंगा नदी में छोड़ा गया है। प्रशासन के अनुसार आम लोग आपात स्थिति में फ्लड कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0260-2231377 और टेलीफेक्स नंबर 0260-2230093 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

Home / Surat / मधुबन डेम से दमणगंगा में छोड़ा 33 हजार क्यूसेक पानी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो