scriptबान्द्रा-निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति पर पत्थर मारा, तीन यात्री घायल | Bandra-Nizamuddin stole stones on Maharashtra linkage revolution, inju | Patrika News
सूरत

बान्द्रा-निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति पर पत्थर मारा, तीन यात्री घायल

यात्रियों के आक्रोश के बाद सूरत स्टेशन पर रोकी ट्रेन, उपचार और राहत राशि दी

सूरतMar 25, 2019 / 10:06 pm

Sanjeev Kumar Singh

surat photo

बान्द्रा-निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति पर पत्थर मारा, तीन यात्री घायल

सूरत.

पश्चिम रेलवे में बान्द्रा टर्मिनस-निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति पर रविवार रात को वलसाड से डुंगरी के बीच पत्थर फेंकने की घटना सामने आई है। इसमें एक महिला समेत तीन जने घायल हो गए। यात्रियों के हंगामे के बाद ट्रेन को सूरत स्टेशन पर रोक कर उपचार दिया गया। सूरत स्टेशन के सुप्रिटेंडेंट ने रेलवे की ओर से 3 घायलों को ५००-५०० रुपए राहत राशि दी।
12907 बान्द्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन बुधवार और रविवार को बान्द्रा टर्मिनस से शाम 4.35 बजे रवाना होकर निजामुद्दीन अगले दिन दोपहर 1.45 बजे पहुंचती है। 24 मार्च, रविवार शाम पौने आठ बजे के करीब वलसाड से डुंगरी के बीच गुजर रही ट्रेन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंक दिया। यह पत्थर द्वितीय श्रेणी शयनयान के कोच संख्या एस-8 के सीट नम्बर 11, 12 के यात्रियों को लगा। इसके अलावा प्रतीक्षा सूची की टिकट लेकर सफर कर रहे यात्री को भी लगा।
इस घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। तीन यात्रियों के एक साथ घायल होने से अन्य यात्री आक्रोशित हो गए। उन्होंने ट्रेन के टीटीई को मामले की जानकारी देकर उपचार की व्यवस्था की मांग की। टीटीइ ने रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इस ट्रेन का अगला ठहराव वडोदरा रात ११ बजे था। इसलिए रेलवे ने सूरत स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के बावजूद ट्रेन रोकने तथा घायलों को उपचार करने के निर्देश दिए।
सूरत स्टेशन पर ट्रेन रात 9.05 बजे पहुंची। रेलवे कंट्रोल रूम से घटना की जानकारी सूरत स्टेशन के निदेशक सी. आर. गरूड़ा को मिली। उन्होंने तुरंत सीएमआइ गणेश जादव को घायलों को उपचार तथा राहत राशि देने की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद सूरत स्टेशन के उप स्टेशन सुप्रिटेंडेंट अश्विनी कुमार वर्मा, डीप्टी एसएस कॉमर्शियल आनंद शर्मा ने रेलवे अस्पताल के एएमओ (डॉक्टर) के साथ ट्रेन को अटेंड किया।
रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक अनिल यादव, अपराध शाखा के निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, इंटेलिजेंस ब्यूरो के निरीक्षक नाथुराम सिंह समेत अन्य रेलवे पुलिस के जवान मौजूद थे। घायल यात्रियों के नाम नदीम, बदरुनिशा, कायनात सिद्दकी हैं। नदीम और बदरुनिशा एस-8 कोच के सीट नम्बर 11, 12 पर यात्रा कर रहे थे। जबकि कायनात सिद्दकी का टिकट प्रतीक्षा सूची में था।
सरपंच और लोगों को समझाया

बान्द्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस पर वलसाड से डुंगरी के बीच हुई पत्थरबाजी की घटना में कोई एफआइआर दर्ज नहीं हुई है। सूत्रों ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी यात्रियों से पूछताछ करने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करने सोमवार को गए थे। घटना पौने आठ बजे की है जिस समय ट्रेन वलसाड से डुंगरी के बीच थी। वलसाड के आगे नदी पार करने के बाद रेलवे ट्रेक के किनारे कुछ कच्चे मकान हैं जहां घटना हुई है। रेलवे सुरक्षा बल ने स्थानीय सरपंच तथा आसपास रहने वाले लोगों को ऐसी घटनाएं रोकने के लिए समझाया।
पूर्व में भी हुई हैं घटनाएं

सूरत और उधना रेलवे स्टेशन के पास पूर्व में मुम्बई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, मुम्बई-निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी समेत अन्य सुपरफास्ट व मेल एक्सप्रेस ट्रेनों पर पत्थर मारने की घटनाएं सामने आई है। हालांकि सूरत और उधना रेलवे स्टेशन के रेलवे सुरक्षा बल जवानों ने गश्त बढ़ाई है, जिससे अभी कुछ समय से ऐसी घटनाओं का पुनरावर्तन नहीं हुआ है। उल्लेखनीय है कि, वंदे भारत-2018 सेमी हाई स्पीड ट्रेन पर भी पत्थर मारने की घटनाएं हुई हंै। इसके बाद गुजरात में महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस पर हुई इस घटना में कोई साजिश है या नहीं यह रेलवे प्रशासन जांच कर रहा है।

Home / Surat / बान्द्रा-निजामुद्दीन महाराष्ट्र सम्पर्क क्रांति पर पत्थर मारा, तीन यात्री घायल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो