scriptरमजान में बढ़ी फलों की मांग | Demand for increased fruits in Ramadan | Patrika News
सूरत

रमजान में बढ़ी फलों की मांग

खपत बढऩे से आम के भाव स्थिर
खजूर, नारियल पानी, बादाम, मिठाई, दाल, रूहआफजा की मांग बढ़ी

सूरतMay 27, 2018 / 11:04 pm

सुनील मिश्रा

patrika

रमजान में बढ़ी फलों की मांग


सिलवासा. रमजान के कारण बाजार में फलों की मांग बढ़ी हैं। मांग बढऩे से सीजन में भी आम सस्ता होने का नाम नहीं ले रहा है। शाम होते ही रोजेदार तरबूज, खरबूजा, आम, पपीता, लीची, खजूर, सेव, केला, अंजीर आदि की खरीदारी करने बाजारों में उमड़ पड़ते हैं।
दिनभर रोजा रखने के बाद शाम को इफ्तार के वक्त फलों का राजा मिल जाए तो क्या कहने। बाजारों में आम की सभी वैरायटियां मिल रही हैं। खपत बढऩे से आम के भाव स्थिर बने हुए हैं। यहीं हाल अन्य सभी फलों का भी है। रोजाना के मुकाबले रमजान में फलों के भावों में वृद्धि हुई है। फल व्यापारी जेपी सिंह ने बताया कि इस बार बागों में आम का उत्पादन कम हुआ है। मंडियों में भी आम कम पहुंचे हैं। पपीता और लीची भी मांग के मुताबिक मंडियों में नहीं पहुंच रही है। इससे भाव गिरने के आसार नहीं हैं। मंडियों में आम 800 रुपए से 1200 रुपए प्रति 20 किग्रा चल रहा है। पपीता भी 30 रुपए किलो मिल रहा है। फलों के अलावा बाजारों में खजूर, नारियल पानी, बादाम, सब्जियां, ब्रेड, मिठाई, दाल, रूहआफजा की मांग भी बढ़ी है। खजूर, तरबूज और खरबूजा मेें पर्याप्त मात्रा में शुगर होती है, जिसको सेवन करते ही शरीर में ऊर्जा का संचार होने लगता है।

शाम 5 से 7 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद
सिलवासा. परिवहन विभाग ने यातयात नियंत्रण के लिए शाम को 5 बजे से 7 बजे तक भारी औद्योगिक वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है। आरडीसी कार्यालय की ओर से यह आदेश 4 अप्रेल को जारी किया था। आदेश की जानकारी के लिए परिवहन विभाग ने जगह-जगह सड़कों पर साइन बोर्ड, पंपलेट आदि लगाए हैं। भारी वाहनों के कारण शहर में जाम की स्थिति यथावत बनी हुई है।
उद्योगों में दिन में ट्रक लोडिंग के बाद अक्सर शाम पांच बजे बाद गंतव्य के लिए निकलते हैं। शाम के समय कार्यालय, बैंक, शिक्षण संस्था, उद्योगों से लोग घर लौटते हैं तथा बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। इससे सड़कों पर यातायात ज्यादा रहता है। भारी औद्योगिक वाहनों से शाम को सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाता है। दमणगंगा नदी के खानवेल हिस्से वाली कंपनियों के वाहन शहर से होकर गुजरते हैं, जिससे शहर में दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। यातायात बोझ कम करने के लिए परिवहन विभाग ने शाम के समय औद्योगिक भारी वाहनों के परिवहन पर रोक लगाई है। आदेश का उल्लंघन करने पर जुर्माना अदा करना पड़ सकता है।
इन मार्गों पर भारी वाहनों की पाबंदी
-सिलवासा भिलाड़
-सिलवासा दादरा
-सिलवासा खानवेल
-खानवेल खेरड़ी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो