scriptदुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाब में किया जाए | Durga statues can be immersed in artificial pond | Patrika News
सूरत

दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाब में किया जाए

दुर्गा पूजा एवं छठ पूजा समिति और मनपा के अधिकारियों के बीच हुई बैठक

सूरतOct 13, 2018 / 01:08 pm

Sanjeev Kumar Singh

surat

दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाब में किया जाए

सूरत.

दुर्गा पूजा एवं छठ पूजा उत्सव समिति ने तापी शुद्धिकरण को ध्यान में रखते हुए दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन कृत्रिम तालाब में करने की जनता से अपील की है। इस संदर्भ में शुक्रवार को मनपा के अधिकारियों के साथ समिति की बैठक हुई, जिसमें मनपा द्वारा मूर्ति विजर्सन के लिए डक्का ओवारा पर कृत्रिम तालाब बनाने की जानकारी दी गई।
दुर्गा पूजा के दौरान कई सोसायटियों में मूर्तियों की स्थापना की जाती है। गणपति पूजा के दौरान पुलिस तथा महानगरपालिका ने तापी में मूर्ति विसर्जन करने पर रोक लगा दी थी। तापी शुद्धिकरण को ध्यान में रखते हुए दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन तापी में न हो, इसके लिए समाज के लोग सक्रिय हो गए हैं। दुर्गा पूजा एवं छठ पूजा उत्सव समिति के प्रभुनाथ यादव ने बताया कि मनपा के शासक पक्ष के नेता गिरजाशंकर मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को आयोजित बैठक में समिति के सदस्यों के अलावा दुर्गा पूजा मंडल के आयोजकों को बुलाया गया था।
मनपा उधना जोन के जोनल चीफ और एडिशनल सिटी इंजीनियर डी. एम. जरीवाला भी बैठक में उपस्थित थे। इन्होंने बताया कि तापी शुद्धिकरण को ध्यान में रखते हुए तापी में मूर्ति विसर्जन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। गणेश विसर्जन के दौरान समुद्र में बड़ी मूर्तियों का तथा कृत्रिम तालाबों में छोटी मूर्तियों का विसर्जन किया गया था। इसी तर्ज पर दुर्गा पूजा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में स्थापित मूर्तियों का विसर्जन कृत्रिम तालाब में करने की अपील की गई है।
मनपा ने चौकबाजार डक्का ओवारा के पास, डूमस तथा हजीरा में दुर्गा माता मूर्ति विसर्जन के लिए कहा है। बैठक में पूर्व पार्षद शैलेन्द्र त्रिपाठी, बजरंग दल के प्रमुख देवी प्रसाद दुबे, बिहार विकास मंडल के प्रमुख प्रभुनाथ यादव, बिहार विकास परिषद के संयोजक सुनील मिश्रा, धर्मेश सिंह, ज्योती गुप्ता, शंकर दुबे, अरिमदन सिंह, मनोज यादव समेत अन्य लोग मौजूद थे।
दूरदर्शन के कलाकार दो दिन देंगे प्रस्तुति, रामनगर में दुर्गा पूजा महोत्सव
सूरत. बिहार विकास परिषद सूरत की ओर से रामनगर स्थित सिंधी समाज भवन में आयोजित दुर्गापूजा महोत्सव में 17 और 18 अक्टूबर को दूरदर्शन कलाकार ममता राउत व पवन मिश्रा प्रस्तुति देंगे। परिषद के अध्यक्ष दिलीप साह ने बताया कि भक्ति भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम की 10 अक्टूबर से शुरुआत हुई थी। प्रतिदिन सुबह नौ बजे वह रात्रि आठ बजे मां दुर्गा की पूजा होती है तथा सैकड़ों भक्त इसमें हिस्सा लेते हैं। 19 अक्टूबर को अंतिम दिन दोपहर 12 बजे भंडारा होगा।

Home / Surat / दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाब में किया जाए

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो