scriptसंगठन की मजबूती पर दिया जोर | Emphasis on organization's strengths | Patrika News
सूरत

संगठन की मजबूती पर दिया जोर

नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

सूरतAug 28, 2018 / 10:44 pm

Sunil Mishra

patrika

संगठन की मजबूती पर दिया जोर


वापी. नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को पार्टी की बैठक आयोजित की गई। नानापोंढा के एपीएमसी मार्केट में हुई बैठक में प्रदेश सह कन्वीनर और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विश्वरंजन मोहंती भी मौजूद थे। बैठक में कार्यकर्ताओं को पार्टी को मजबूत बनाने को कहा गया।
जिला अध्यक्ष बनने के बाद नानापोंढा में पहली बैठक को संबोधित करते हुए दिनेश पटेल ने एक सितंबर को खेड़ सत्याग्रह की याद में आयोजित किसान रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसान, गरीब, आदिवासी और कमजोर तबके के उत्थान का प्रयास हमेशा किया है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को किसान रैली में पहुंचने का अनुरोध किया। इसके अलावा आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए संगठन से आपसी मनमुटाव दूर कर उसे मजबूत बनाने का भी विश्वास दिलाया और कहा कि भाजपा के शासन से लोग त्रस्त होकर कांग्रेस से उम्मीद लगाए हैं। इस दौरान विश्वरंजन मोहंती ने भी कार्यकर्ताओं को रफाल सहित केन्द्र सरकार में हुए घोटाले को लोगों के बीच ले जाने की सलाह दी। इस दौरान उपस्थित जिला पंचायत, तालुका पंचायत, ग्राम सरपंचों ने भी कई समस्याओं का जिक्र किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिलन देसाई, कपराड़ा विधायक जीतू चौधरी समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिए काम करने की सलाह दी। इस दौरान पार्टी के नए प्रकोष्ठ जनमित्र और शक्ति में ज्यादा से ज्यादा सदस्यों को जुडऩे का आह्वान भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत में नए जिला अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

जुआ खेलते पांच गिरफ्तार
वलसाड. धरमपुर के तिस्करी गांव में वरली मटका पर जुआ खेलते पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। धरमपुर पुलिस को गांव में खुले स्थान पर काफी समय से जुआ चलने की शिकायत मिली थी। पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस ने गत शाम वहां छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 13 हजार दो सौ रुपए भी जब्त किए हैं।
आवारा पशु और बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या परकांग्रेस का ज्ञापन
वलसाड. पारड़ी में आवारा पशुओं और बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या के खिलाफ कांग्रेस ने तहसीलदार और पुलिस को ज्ञापन दिया है। बताया गया है कि पारड़ी शहर में काफी समय से आवारा पशुओं की समस्या है। दिन और रात में सडक़ पर बैठे पशुओं के कारण कई हादसे होते रहे हैं। इसके अलावा रात में नपा द्वारा लगाई स्ट्रीट लाइटें भी काफी समय से बंद हैं। इससे अंधेरा रहने से सडक़ पर बैठे पशु नहीं दिखते और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं। इसके खिलाफ पारड़ी शहर कांग्रेस प्रमुख दिनेश पटेल की अगुवाई में कांग्रेसियों ने तहसीलदार और पुलिस को ज्ञापन देकर समस्या दूर करने की मांग की। दिनेश पटेल ने कहा कि जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता सडक़ पर उतरेंगे। नपा उपाध्यक्ष ने भी आवारा पशुओं को पकड़ कर पांजरापोल भेजने और बंद लाइटों को चालू करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे हादसे नहीं होंगे।

Home / Surat / संगठन की मजबूती पर दिया जोर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो