scriptउम्मीदवारों का भविष्य इवीएम में बंद | Future of candidates closes in EVMs | Patrika News
सूरत

उम्मीदवारों का भविष्य इवीएम में बंद

सुबह से लगने लगी लम्बी कतारेंदादरा नगर हवेली लोकसभा सीट

सूरतApr 23, 2019 / 11:15 pm

Sunil Mishra

patrika

उम्मीदवारों का भविष्य इवीएम में बंद


सिलवासा. दादरा नगर हवेली लोकसभा सीट पर मंगलवार को मतदाताओं ने अपना फैसला इवीएम में बंद कर दिया है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें लगी। शहरी क्षेत्रों में बूथों पर मतदाताओं की संख्या अधिक होने से शाम पांच बजे तक मतदाताओं की भीड़ देखी गई। कई बूथों पर शाम सात बजे बाद तक मतदान चलता रहा। लगभग सभी केन्द्रों पर सवेरे 7 बजे मतदाता पॉलिंग केन्द्रों पर आने शुरू हो गए। आरम्भ के पहले दो घंटे मतदान की गति काफी धीमी रही, लेकिन बाद में तेजी देखी गई। प्रदेश में दस बजे तक सिर्फ 18 प्रतिशत मतदान हुआ। सायं 5 बजे तक प्रदेश में 72 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। कुछ पॉलिंग स्टेशनों पर मतदान जारी रहने से आंकड़ा बढ़ सकता है। मतदान के दौरान कहीं भी अप्रिय घटना के समाचार नहीं हैं।
शाम 6 बजे तक 50 से अधिक मतदान केन्द्रों पर मतदान चल रहा था। समाचार लिखे जाने तक दो दर्जन बूथों पर मतदान चल रहा था। धूप की वजह से कई मतदाता सवेरे जल्दी 7 बजे घरों से निकल गए। गांवों में मतदान के प्रति आदिवासी उत्सुक दिखाई दिए। लोग सवेरे सात बजे मतदान केन्द्रों पर पहुंच गए। पर्वतीय क्षेत्र के पॉलिंग स्टेशनों पर10 बजे तक मतदान केन्द्रों पर लम्बी कतारें लग गई। मतदान केन्द्रों पर पंडाल के बाद मतदाताओं की संख्या के सामने कई पॉलिंग स्टेशनों पर छाया कम पड़ गई। लुहारी खरड़पाड़ा में करीब तीन घंटे मतदान के लिए लोगों को धूप में खड़ा रहना पड़ा। दिन में धूप और गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकले। दुधनी, मांदोनी, सिंदोनी, कौंचा, खेरड़ी, आबोली के गांवों में कई मतदान केन्द्र दूर होने से मतदाताओं को तीन से पांच किमी दूर जाकर मतदान करना पड़ा। पॉलिंग स्टेशन दूर होने से गांवों में कई जगह टेम्पो की सहायता से लोग मतदान करने पहुंचे। जंगल के रास्ते में पेड़ों की छांव का सहारा लेते हुए पर्वतीय गांवों के लोग मतदान करने आए।
कतारों में दिखे मतदाता
शहर के आमली और सिलवासा केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या एक हजार से अधिक होने के कारण शाम 7 बजे तक कतारों में दिखे। शहर की बूथ संख्या 42,50,51,53,54,55,57,,61,62,63,73,99,109,110,137,138 पर मतदाताओं को घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ा। इन पॉलिंग स्टेशनों पर 1300 से अधिक मतदाता होने से मतदाताओं को कतारों में पसीना बहाना पड़ा। गांवों में डोकमर्डी, बालदेवी, अथोला, गलौंडा, किलवणी, सामरवरणी, आंबोली, दपाड़ा, लुहारी, खरड़पाड़ा, नरोली में मतदाता वोटिंग के लिए लम्बी कतारों में लगे। दूरदराज के खानवेल, रूदाना, गुनसा, बिलदरी में भी बड़ी संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकले। दुधनी गायवाड़, गांवों में कई बूथों पर 80 प्रतिशत से अधिक मतदान होने की सूचना मिल रही है।
patrika
मॉडल मतदान केन्द्र पर के्रच सहित तमाम सुविधाएं
निर्वाचन विभाग द्वारा पहली बार बनाए गए मॉडल मतदान केन्द्र सराहना के पात्र बने। यहां वोटिंग के लिए आए मतदाताओं ने इस कार्य लिए निर्वाचन अधिकारियों की खूब प्रशंसा की। मतदाताओं ने सेल्फी पॉइंट पर खड़े होकर सेल्फी ली। महिलाओं के लिए शिशु सदन होने से स्तनपान कराने वाली महिलाओं को कोई दिक्कत नहीं हुई। मॉडल बूथ पर सुसज्जित शौचालय, पेयजल, शेड, दिव्यांगों के लिए व्हील चेयर, रैंप की सुविधा, पर्याप्त फर्नीचर, गर्भवती व स्तनपान कराने वाल महिलाओं के लिए क्रेच व्यवस्था की गई है।

Home / Surat / उम्मीदवारों का भविष्य इवीएम में बंद

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो