सूरत

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से हाथपाई

मोटा वराछा क्षेत्र में रविवार सुबह गार्डन के भूमि पूजन कार्यक्रम पर पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास)के कार्यकर्ताओं ने तोडफ़ोड़ की और मेयर की गाड़ी पर

सूरतOct 16, 2017 / 10:07 pm

मुकेश शर्मा

Handpieces from BJP workers in the program

सूरत।मोटा वराछा क्षेत्र में रविवार सुबह गार्डन के भूमि पूजन कार्यक्रम पर पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास)के कार्यकर्ताओं ने तोडफ़ोड़ की और मेयर की गाड़ी पर चढक़र हंगामा मचाया। भाजपा कार्यकर्ताओं से हाथपाई भी हुई। इसमें भाजपा के एक पूर्व पार्षद घायल हो गए।

अमरोली थाना प्रभारी आई.के.मोदी ने बताया कि रविवार को सूरत महानगर पालिका की ओर से शहर में विभिन्न जगह भूमि पूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों का आयोजन था। गोल्डन सिटी के पास गार्डन का भूमि पूजन रखा गया था। सुबह मेयर समेत अधिकारी तथा भाजपा के कार्यकर्तां मौजूद थे। पास समन्वयक अल्पेश कथीरिया कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचा और भाजपा के खिलाफ नारे लगाते हुए कुर्सियों की तोडफ़ोड़ शुरू कर दी।

कुछ मेयर की कार पर चढ़ गए, जिससे कार का कांच टूट गया। भाजपा कार्यकर्ता पास कार्यकर्ताओं से भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हाथपाई शुरू हो गई। इसमें भाजपा के पूर्व पार्षद धनजी चावड़ा घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने पास कार्यकर्ताओं को डिटेन कर शाम को मुक्त कर दिया गया।

20 पर रायोटिंग का मामला

पूर्व पार्षद की शिकायत पर पास के 20 से अधिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट और रायोटिंग की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।

पीएम की सभा के चलते आज इंदिराब्रिज जाने से बचें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में गांधीनगर जिले के भाट गांव में होने जा रहे भाजपा के गौरव यात्रा सम्मेलन व पेज प्रमुख सम्मलेन को देखते हुए सोमवार दोपहर से देर रात तक इंदिराब्रिज से गांधीनगर जाने से बचें। गांधीनगर की ओर जाने वाले छह मार्गों पर भी संभव हो तो जाने से बचने की मार्गदर्शिका अहमदाबाद पुलिस आयुक्त ए.के.सिंह व गांधीनगर एसपी वीरेन्द्र यादव ने जारी की है।

इसमें कहा है कि पीएम की उपस्थिति को देखते हुए करीब छह से सात लाख भाजपा के कार्यकर्ता भाट गांव के सम्मेलन में पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए अहमदाबाद के सरखेज- गांधीनगर हाईवे, नारोल-नरोडा हाईवे, रामोल, ओढव, नरोडा से गुजरने वाले सरदार पटेल रिंग रोड, नारोल से नरोडा होते हुए नाना चिलोडा तक के हाईवे पर भारी संख्या में ट्रैफिक होने की संभावना है। इसे देखते हुए इस मार्ग की जगह अन्य मार्ग का उपयोग करते हुए गांधीनगर की ओर जाएं।

एसपी रिंगरोड सनाथल सर्कल से तपोवन सर्कल, अपोलो सर्कल तक के मार्ग, 132 फीट रिंग रोड जीवराज तीन रास्ते से श्यामल, शिवरंजनी, हेलमेट सर्कल, एईसी, अखबारनगर सर्कल, साबरमती, विसत चार रास्ते से तपोवन सर्कल होते हुए भाट गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक रहेगा। इसके अलावा एयरपोर्ट से हांसोल, इंदिराब्रिज होते हुए अपोलो सर्कल तक भी भारी ट्रैफिक होने की उम्मीद है इसे देखते हुए दोपहर दो बजे से रात दस बजे के दौरान गुजरने से बचने को कहा गया है।

Home / Surat / कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से हाथपाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.