scriptजानिए कहां मिले लाखों के जाली नोट और हथियार | Know where the millions of fake notes and weapons | Patrika News
सूरत

जानिए कहां मिले लाखों के जाली नोट और हथियार

दो गिरफ्तार, आरोपियों के घर से चार पिस्टल, आठ कारतूस और 13.36 लाख रुपए के जाली नोट मिले

सूरतOct 21, 2018 / 06:28 pm

Sunil Mishra

patrika

जानिए कहां मिले लाखों के जाली नोट और हथियार


भरुच. स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम ने भरुच जिले की नेत्रंग तहसील के कोकड़ी गांव में शनिवार को कार्रवाई कर १३.३६ लाख के जाली नोट बरामद किए। मौके से चार अवैध पिस्टल तथा आठ कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से दो हजार, पांच सौ व २०० रुपए के कुल १३ लाख, ३६ हजार, ७०० रुपए बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

भरुच के कोकड़ी गांव में स्पेशल ऑपरेशान ग्रुप की कार्रवाई
भरुच के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह चूडास्मा ने बताया कि नेत्रंग तहसील के कोकड़ी गांव निवासी अशोक धनजी मकवाणा के मकान पर एसओजी के पीआई पी.एन. पटेल ने टीम के साथ छापा मारा। पुलिस को अशोक मकवाणा के मकान में जाली नोट बनाए जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने अशोक मकवाणा के घर से दो हजार के ७७५, पांच सौ रुपए के ७५ नोट तथा २०० रुपए के ७४६ नोट सहित १३ लाख, ३६ हजार, ७०० रुपए के जाली नोट जब्त किए। इसके अलावा घर से चार पिस्टल, आठ जिन्दा कारतूस, लेपटॉप, स्केनर, प्रिंटर, सादा कागज भी मिले। पुलिस ने मकान से जाली नोट, अवैध हथियार तथा अन्य सामान सहित २० लाख, ९९ हजार, ५०० रुपए का सामान जब्त कर अशोक मकवाणा और उसके भतीजे जिगर मुकेश मकवाणा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से एसओजी पूछताछ कर रही है।
गोरक्षा संगठन से जुड़े युवक पर बलात्कार का आरोप
सूरत. राजकोट की एक महिला ने गोरक्षा संगठन से जुड़े एक युवक पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए शनिवार रात सचिन थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक राजकोट की महिला ने गबरू भरवाड़ पर बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसके पति पिछले कुछ समय से लाजपोर जेल में बंद है। वह उनसे मिलने के लिए अक्सर सचिन आती थी। उस दौरान गबरू ने मदद करने के बहाने उसे विश्वास में लिया। फिर वह उसे एक फॉर्म हाउस में ले गया। जहां उसने बलात्कार किया। बहरहाल पुलिस मामला दर्ज कर पड़ताल में जुटी है।
वकील समेत सात जनों पर लूट का आरोप
सूरत. एक होटल संचालक ने एक वकील समेत सात जनों पर मारपीट कर उससे ८० हजार रुपए लूटने का आरोप लगाते हुए सचिन थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस के मुताबिक करजण निवासी विजय चौधरी ने अपने परिचित गोपाल की जमानत करवाने के लिए मनोज नाम के वकील को ४० हजार रुपए दिए थे। शर्त यह थी यदि जमानत नहीं मिले तो ३० हजार लौटाने होंगे। जमानत याचिका खारिज होने पर मनोज ने रुपए तो लौटा दिए, लेकिन रंजिश रख मनोज व गोपाल के बीच विवाद खड़ा कर दिया। उसके बाद शुक्रवार को सचिन दूरदर्शन टावर चौराहे पर अपने छह सात साथियों की मदद से मारपीट की और कार से ८० हजार रुपए लूट लिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो