scriptकार्यकर्ताओं की भीड़ नहीं पहुंची, पुलिस को मिली राहत | No crowd of workers, relief to police | Patrika News
सूरत

कार्यकर्ताओं की भीड़ नहीं पहुंची, पुलिस को मिली राहत

एसवीएनआइटी में कड़े पहरे के बीच हुई मतगणना

सूरतMay 23, 2019 / 06:59 pm

Dinesh M Trivedi

patrika

कार्यकर्ताओं की भीड़ नहीं पहुंची, पुलिस को मिली राहत

सूरत. आमतौर पर मतगणना शुरू होने से पहले दावेदार और उनके समर्थक मतगणना स्थल पर जमा हो जाते हैं। इस बार नजारा कुछ अलग तरह का रहा। सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा को अपनी जीत का भरोसा था तो कांग्रेस को पता था कि अंतिम परिणाम क्या रहेगा। इसलिए दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थक मतगणना स्थल पर नहीं दिखे। भाजपा प्रत्याशी दर्शना जरदोश भी करीब डेढ़ घंटे बाद ही मतगणना स्थल पर पहुंचीं। कांग्रेस के अशोक अढेवाला हालांकि साढ़े आठ बजे तक वहां पहुंचे, लेकिन कब लौट गए, किसी को पता नहीं चला।
जीत का भरोसा लोगों को लापरवाह बना देता है तो हार का संकेत उत्साह छीन लेता है। कुछ यही नजारा सूरत लोकसभा सीट के मतगणना स्थल एसवीएनआइटी पर देखने को मिला। जीत के प्रति आश्वस्त भाजपा कार्यकर्ता इसलिए नदारद थे कि आराम से जाएंगे। जब दर्शना ने अच्छी-खासी बढ़त बना ली तो कुछ कार्यकर्ताओं का जमावड़ा बाहर जुटता दिखा, लेकिन वह भी थोड़ी देर में चले गए। उकांग्रेस कार्यकर्ताओं की गैर-मौजूदगी पर लोगों ने चुटकी कि जब पता है कि हार तय है तो फिर कांग्रेस कार्यकर्ता गर्मी में क्यों पसीना बहाएं। एसवीएनआइटी के बाहर भाजपा और कार्यकर्ताओं की ज्यादा भीड़ नहीं रहने से पुलिस ने राहत की सांस ली। एक्जिट पोल में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान व्यक्त किए जाने के बाद अन्य पार्टियों की ओर से इवीएम पर सवाल उठाए जा रहे थे। इसको लेकर पुलिस को मतगणना के दौरान शांति भंग होने की आशंका थी। एसवीएनआइटी पर शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मतगणना केन्द्र पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मतगणना केन्द्र के बाहर पहला घेरा अर्धसैनिक बल का था। परिसर के बाहर की तरफ दूसरा और तीसरा घेरा पुलिस का था। इसके अलावा प्रतिबंधित क्षेत्र के बाहर एसवीएनआइटी मेन गेट के पास और तीनों रास्तों पर भी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों, होमगाड्र्स, यातायात पुलिसकर्मियों, ट्रैफिक ब्रिगेड कर्मियों, रिजर्व पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया था।

नामांकन के दौरान हुई थी झड़प


पुलिस को लग रहा था कि मतगणना के दौरान एसवीएनआइटी पर बड़ी संख्या में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता जुटेंगे। पुलिस को एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी से शांति भंग होने या झड़प होने की आशंका थी, क्योंकि सूरत सीट से पर्चा भरने के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जिला सेवा सदन पर झड़प हो चुकी थी। इस झड़प में कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता के कपड़े फट गए थे तथा एक कार को नुकसान पहुंचा था। मतगणना के दौरान इस तरह के हालात से निपटने के लिए डीसीबी, पीसीबी, एसओजी के जवानो को सादे कपड़ों में तैनात किया गया था। सुबह चार बजे ही पुलिसकर्मियों ने मतगणना स्थल के सामने वाली सडक़ पर बेरिकेटिंग कर मोर्चा संभाल लिया था, लेकिन मतगणना शुरू होने पर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता मतगणना स्थल पर नहीं पहुंचे। नतीजतन पुलिस को व्यवस्था संभालने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। कुछ गिने-चुने कार्यकर्ता ही मतगणना स्थल पर आए।

Home / Surat / कार्यकर्ताओं की भीड़ नहीं पहुंची, पुलिस को मिली राहत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो