scriptदस दिवसीय गौसेवा अनुष्ठान की तैयारियां | Preparations for the ten-day Gausiva ritual | Patrika News
सूरत

दस दिवसीय गौसेवा अनुष्ठान की तैयारियां

कथास्थली पर गौ दर्शन

सूरतSep 20, 2018 / 10:49 pm

Dinesh Bhardwaj

patrika

दस दिवसीय गौसेवा अनुष्ठान की तैयारियां

कथास्थली पर गौ दर्शन
सूरत. नवरात्र पर्व के दौरान स्वामी दत्तशरणानंद महाराज के सानिध्य में शहर में दस दिवसीय श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव आश्विन शुक्ल प्रतिपदा 10 अक्टूबर से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान गौ सेवा के कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन सिटीलाइट में सूर्यप्रकाश रेजिडेंसी के पास प्रांगण में होंगे। वहीं, आयोजन स्थल पर गौ दर्शन की व्यवस्था भी इन दिनों आयोजकों की ओर से की गई है।
आयोजक परिवार के राकेश कंसल ने महोत्सव के संदर्भ में बताया कि 10 से 19 अक्टूबर तक आयोजित श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव के दौरान नियमित रूप से प्रतिदिन शाम पांच बजे से श्रीललिता सुरभि सहस्रार्चन होगा। इसमें आयोजन स्थल पर 52 गौ माता का पूजन किया जाएगा। वहीं, सुबह साढ़े छह बजे से प्रतिदिन श्री मानस मंडल की ओर से श्रीरामचरित मानस का नवाह्न पारायण पाठ किया जाएगा। इसके अलावा नवरात्र पर्व में आयोजित महोत्सव में प्रतिदिन दोपहर एक से शाम चार बजे तक श्रीमददेवीभागवत पुराण कथा का बखान त्र्यंबकेश्वर चैतन्य महाराज के मुखारविंद से किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन श्रीसुरभि शतचंडी महायज्ञ का आयोजन प्रतिदिन सुबह दस बजे से गंगाधर पाठक व अन्य वैदज्ञ विप्रजनों के सानिध्य में किया जाएगा। महोत्सव में तीन दिवसीय नानीबाई को मायरो 13 से 15 अक्टूबर तक शाम साढ़े सात बजे से किया जाएगा। मायरो की प्रस्तुति राधाकृष्ण महाराज देंगे। इनके अलावा महोत्सव में प्रतिदिन तड़के पांच बजे स्तुति व प्रार्थना, छह बजे गौ भगवन्नाम संकीर्तन व प्रभातफेरी तथा शाम साढ़े सात बजे से गौभक्ति भजन संध्या व गौ महिमा प्रवचन के आयोजन किए जाएंगे।
दस दिवसीय श्रीसुरभि शक्ति आराधना महोत्सव में श्रीगौधाम महातीर्थ पथमेड़ा के संस्थापक संत स्वामी दत्तशरणानंद महाराज के अलावा श्रीमलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदासदेवाचार्य महाराज, ब्रह्मसावित्री पीठाधीश्वर संत तुलसाराम महाराज, स्वामी गिरीशानंद सरस्वती महाराज, वेदव्यास प्रतिष्ठान, पुणे के संत गोविंददेवगिरी महाराज समेत अनेक संतवृंद का सानिध्य मिलेगा।

विप्र फाउंडेशन की बैठक


दस दिवसीय श्री सुरभि शक्ति आराधना महोत्सव की तैयारियों में विप्र फाउंडेशन सूरत जोन ने भी कमर कस ली है। इस सिलसिले में फाउंडेशन के पदाधिकारियों की गुरुवार को जरूरी बैठक रखी गई। बैठक में महोत्सव के दौरान विप्र फाउंडेशन की ओर से सेवा कार्य की जिम्मेदारी लेने संबधित चर्चा की गई।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो