scriptगुजरात का गौरव : रबर गर्ल दिव्यांग अन्वी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार – 2022 से सम्मानित | Rubber Girl Divyang Anvi honored with Prime Minister's National Child | Patrika News
सूरत

गुजरात का गौरव : रबर गर्ल दिव्यांग अन्वी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार – 2022 से सम्मानित

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर वर्चुअल तरीके से प्रधानमंत्री ने दिया अवार्ड, प्रमाणपत्र के साथ एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि भी दी

सूरतJan 24, 2022 / 07:19 pm

Sandip Kumar N Pateel

गुजरात का गौरव : रबर गर्ल दिव्यांग अन्वी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार - 2022 से सम्मानित

गुजरात का गौरव : रबर गर्ल दिव्यांग अन्वी प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार – 2022 से सम्मानित

सूरत। योगा में 51 से अधिक मेडल जीतने वाली सूरत की दिव्यांग बच्ची और रबर गर्ल के नाम से विख्यात अन्वी विजय झांझरूकिया को राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सोमवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार -2022 से सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पुरस्कार जितने वाले बच्चों को संबोधन करने के बाद अन्वी को वर्चुअल तरीके से अवार्ड और प्रमाणपत्र दिया। साथ ही एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि भी उसके बैंक अकाउंट में जमा की गई। देश के कुल 29 बच्चों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अडाजण निवासी अन्वी दिव्यांग होने के साथ कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त है और उसकी ओपन हार्ट सर्जरी भी हुई है। इसके बावजूद वह योग में अपनी प्रतिभा दिखा रही है। उसने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की कई योग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मेडल प्राप्त किए हैं। बीते तीन वर्षो में उसने राष्ट्रीय स्तर की तीन प्रतियोगिता में 3 गोल्ड मेडल और दो कांस्य पदक जीते है। अब तक उसने कुल 42 प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है और 51 पदक जीते हैं। उसकी इस विशिष्ट प्रतिभा के कारण ही 3 दिसंबर, 2021 को केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों उसे क्रिएटिव चाइल्ड विथ डिसेबिलिटी कैटेगरी में नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार -2022 के लिए भी उसका चयन किया गया। सोमवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के पर वर्चुअल आयोजित समारोह में अन्वी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अन्वी के माता-पिता के साथ ही महापौर हेमाली बोघावाला और कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री के साथ एक मंच पर योग करने की ईच्छा


अन्वी के पिता विजय झांझरूकिया ने बताया कि अन्वी आगे भी योग में नए मुकाम हासिल कर देश का नाम दुनियाभर में रोशन करना चाहती है। अब तक सरकार की ओर से प्रोत्साहीत किया गया है, लेकिन अन्वी की ईच्छा है कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ एक मंच पर योग और सूर्यनमस्कार करें।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो