scriptशंघाई की जगह वुहान बना दिया सूरत- चावडा | Surat made Wuhan in place of Shanghai - Chavda | Patrika News
सूरत

शंघाई की जगह वुहान बना दिया सूरत- चावडा

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने स्मीमेर और सिविल अस्पताल जाकर कोरोना संक्रमितों के हाल-चाल जाने, मेडिकल और पेरामेडिकल स्टाफ का जताया आभार

सूरतJul 29, 2020 / 08:29 pm

विनीत शर्मा

शंघाई की जगह वुहान बना दिया सूरत- चावडा

शंघाई की जगह वुहान बना दिया सूरत- चावडा

सूरत. प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावडा ने बुधवार को शहर के स्मीमेर और सिविल अस्पतालों का दौरा कर कोरोना संक्रमितों का हाल जाना। उन्होंने कोरोना मरीजों के उपचार में लगे मेडिकल और पैरा मेडिकल स्टाफ का आभार जताया। इस मौके पर भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सरकार सूरत को शंघाई बनाने का दावा कर रही थी। गलत नीतियों के कारण संक्रमण बेकाबू हो गया और जिम्मेदार लोगों ने शहर को वुहान बना दिया।
शहर में संक्रमण अनलॉक 1.0 के बाद से ही बेकाबू हो रहा है। लगातार बिगड़ रहे हालात ने शहर को प्रदेश में हॉट स्पॉट बना दिया है। स्थिति बिगड़ती देख मुख्यमंत्री विजय रुपाणी खुद सूरत आ चुके हैं और स्थिति की समीक्षा के बाद संक्रमण पर काबू पाने के लिए स्थानीय प्रशासन को फ्री हैंड देकर गए थे। बुधवार को प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावडा सूरत आए और शहर में कोरोना के हालात जाने। चावडा स्मीमेर व सिविल अस्पताल गए और कोरोना संक्रमित मरीजों से बातचीत की। उन्होंने उनकी चिकित्सा में जुटे स्टाफ से भी बातचीत की और काम के दौरान आ रही मुश्किलों को समझा। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता की जानकारी भी ली।
चावडा ने स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार ने सूरत को शंघाई बनाने का दावा किया था। शंघाई तो बना नहीं पाए, लेकिन गलत नीतियों के कारण शहर दूसरा वुहान बनता जा रहा है। संक्रमण लगातार बेकाबू हो रहा है और सरकारी एजेंसियां बैठकों में चर्चा तक सीमित हैं। संक्रमण से निपटने के लिए मेडिकल स्टाफ भी पूरा नहीं है। मरीजों को दवाएं नहीं मिल रहीं और दवा की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संक्रमण से निपटने में शासन-प्रशासन पूरी तरह विफल रहा है। चावडा यहां से आंजणा रिडवलपमेंट साइट पर गए और प्रभावितों से बात की। इस दौरान शहर प्रमुख बाबू रायका और मनपा में नेता विपक्ष प्रफुल्ल तोगडिया भी उनके साथ रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो