scriptसूरती कार्यकर्ताओं ने दिखाया अन्य प्रदेश में प्रचार का दमखम | Suryanakaryas showed the power of propaganda in other states | Patrika News
सूरत

सूरती कार्यकर्ताओं ने दिखाया अन्य प्रदेश में प्रचार का दमखम

सूरत से भाजपा कार्यकर्ता देश के अलग-अलग प्रदेश में पहुंचे थे प्रचार के लिए

सूरतMay 20, 2019 / 07:01 pm

Dinesh Bhardwaj

patrika

सूरती कार्यकर्ताओं ने दिखाया अन्य प्रदेश में प्रचार का दमखम

सूरत.
लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान संभवतया भाजपा में गुजरात और उसमें भी सूरत महानगर पहली इकाई होगी जिसके कार्यकर्ता देश के कई राज्यों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचारकार्य के लिए पिछले दिनों गए थे। इतना ही नहीं यहां से कार्यकर्ता सौ-दो सौ किमी नहीं बल्कि हजार से ज्यादा किमी दूर एक-दो बार नहीं बल्कि तीन-तीन, चार-चार बार प्रचार के लिए पहुंचे।
भाजपा में एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश में जाकर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करना कोई नया कार्य नही है लेकिन सूरत के कार्यकर्ता इसमें काफी आगे है। वे पड़ौसी राज्य महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि दक्षिण भारत में कर्नाटका, तमिलनाडू व पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार तक पार्टी के प्रति निष्ठावान होकर जिम्मेदारी निभाने पहुंचते है। ऐसा ही 17वें लोकसभा चुनाव के दौरान भी चौथे चरण के मतदान से लगातार देखने को मिला है। 23 अप्रेल को तीसरे चरण के मतदान के दौरान गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ और इसके अगले ही दिन से सूरत के कार्यकर्ताओं ने देश के दूसरे राज्यों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार की कमान संभाल ली थी। इसमें महाराष्ट्र की मुंबई ईस्ट व नॉर्थ लोकसभा सीट के अलावा मध्यप्रदेश की उज्जैन, भोपाल, उत्तरप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र बनारस समेत अन्य राज्यों की कई लोकसभा सीटें शामिल थी। लोकसभा चुनाव का सातवां व अंतिम चरण का मतदान रविवार को होगा और शुक्रवार शाम पांच बजे तक सूरत के सैकड़ों कार्यकर्ता मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल के लोकसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार का दमखम दिखाते रहे थे।

बनारस में लगातार


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकसभा सीट बनारस में 24 अप्रेल से शुक्रवार शाम पांच बजे तक सूरत के कार्यकर्ता लगातार प्रचारकार्य में सक्रिय रहे। सूरत के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व यहां नवसारी सीट के दो टर्म से सांसद व तीसरी बार प्रत्याशी सीआर पाटिल ने किया और इसमें बारी-बारी से भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंचते रहे। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलावा बनारस में प्रचार के लिए सूरत से कई कपड़ा व्यापारी भी पहुंचे और इन्होंने यहां बनारस के कपड़ा व्यापारियों के माध्यम से दूरदराज के इलाके में प्रचारकार्य किया।

विधानसभा चुनाव से ही सक्रिय यहां


गतवर्ष दिसम्बर में मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव सम्पन्न हुए थे और तब भी सूरत से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वहां पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचारकार्य के लिए पहुंचे थे। लोकसभा चुनाव के दौरान सूरती कार्यकर्ताओं ने उज्जैन, भोपाल व धार लोकसभा क्षेत्र में खासतौर पर प्रचारकार्य में भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का नेतृत्व चौर्यासी विधायक झंखना पटेल, सूरत महानगरपालिका स्थाई समिति अध्यक्ष अनिल गोपलानी समेत अन्य पदाधिकारियों ने किया। चुनाव प्रचार थमने के बाद सभी कार्यकर्ता शनिवार को सूरत लौट आए।

दमदम में दिखाया दम-खम


लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान गुजरात के पड़ौसी राज्य तो ठीक मगर सूरत से भाजपा कार्यकर्ता इस बार सबसे अधिक संवेदनशील राज्य रहे पश्चिम बंगाल में भी अपना दमखम दिखाने से नहीं चूके। यहां पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने दमदम लोकसभा क्षेत्र में बूथ मैनेजमेंट, फील्ड वर्क समेत अन्य कई तरह के कार्य पार्टी प्रत्याशी सुदीप भट्टाचार्य के समर्थन में किए। सूरत महानगर इकाई के अध्यक्ष नितिन ठाकर, महापौर डॉ. जगदीश पटेल, उपाध्यक्ष पीवीएस शर्मा, शिक्षण समिति चेयरमैन हसमुख पटेल समेत कई कार्यकर्ता यहां प्रचार के दौरान सक्रिय रहे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो