scriptप्रेम त्रिकोण के चलते की गई थी भार्गव की हत्या | Disclosure of murder | Patrika News

प्रेम त्रिकोण के चलते की गई थी भार्गव की हत्या

locationटीकमगढ़Published: Dec 30, 2018 12:34:20 pm

Submitted by:

anil rawat

पांचवें दिन गिरफ्त मेें आए हत्या के दोनों आरोपी, पुलिस ने किया पेश

Disclosure of murder

Disclosure of murder

टीकमगढ़. नूतन बिहार कॉलोनी में 23 दिसम्बर को हुई युवक की हत्या के दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम त्रिकोण के चलते आरोपियों द्वारा इस हत्या को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के बबीना के पास गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद यह आरोपी लगातार इसी क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने इन आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। शनिवार को एएसपी एसके जैन एवं टीआई नवल आर्य ने पत्रकारों के सामने आरोपियों को पेश कर पूरे मामले का खुलासा किया।
23 दिसम्बर को नूतन बिहार कॉलोनी में निवास करने वाले भानू प्रताप पाण्डे के घर में अनिमेष उर्फ शुभम पुत्र जगमोहन भार्गव की लाश मिली थी। शुभम की हत्या भानू प्रताप पाण्डे और उसके दोस्त विवेक नायक ने मिलकर की थी। इस हत्याकाण्ड के बाद से दोनों फरार हो गए थे। वहीं पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर इनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। मुखबिर की सूचना एवं मोबाईल लोकेशन ट्रेस कर रही पुलिस ने शुक्रवार को दोनो आरोपियों को ललितपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बबीना के आम रास्तें से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस लगातार इनके लोकेशन को ट्रेस कर रही थी। यह दोनों आरोपी यहां पर बस का इंतजार कर रहे थे।
प्रेम त्रिकोण के चलते की हत्या: गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस के सामने सारा राज खोल दिया। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी भानू प्रताप पाण्डे एवं विवेक नायक ने पुलिस को बताया कि हत्या प्रेम त्रिकोण के चलते की गई है। आरोपी विवेक नायक संध्या(बदला हुआ नाम) से प्यार करता था। वहीं मृतक शुभम भी संध्या के प्रेम पाश में बंधा हुआ था। मृतक शुभम और संध्या के बीच बड़ रही नजदीकियों से विवेक परेशान था। एक-दो बार दोनों के बीच में इस बात को लेकर विवाद भी हुआ, लेकिन शुभम नही माना। इस पर विवेक ने अपने मित्र भानू के साथ मिलकर यह प्लान बनाया। इन दोनों 22 दिसम्बर की रात्रि को शुभम को अपने घर पार्टी पर बुलाया और यहीं पर शराब पीने के बाद उसकी गला रेत कर हत्या कर दी।

लाश को ठिकाने लगाना चाहते थे आरोपी: मामले का खुलासा करते हुए टीआई नवल आर्य ने बताया कि शुभम की हत्या के बाद यह दोनों उसकी लाश को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। उसकी हत्या के बाद इन दोनों ने अपने कुछ खास दोस्तों को फोन भी किया और घटना के विषय में जानकारी दी। लेकिन दोस्तों ने सोचा कि शराब के नशे में अनाप-शनाप बातें कर रहे है। इसलिए किसी ने उनकी बातों पर ध्यान नही दिया। टीआई आर्य ने बताया कि इसके बाद इन दोनों ने अपने एक दोस्त को बिना कुछ जानकारी दिए घर पर बुलाया और यहां से उसकी गाड़ी से फरार हो गए। रास्तें में जब उसे पूरे मामले की जानकारी हुई, तो वापस आकर वह सीधा पुलिस के पास पहुंचा और मामले की जानकारी दी।
सेल्फी और वीडियों का था हल्ला: इस घटना के संबंध में यह भी कहा जा रहा था कि आरोपियों ने शुभम की हत्या कर उसका वीडियो बनाया था और शव के साथ सेल्फी भी ली थी। इसके बाद यह सेल्फी और वीडियों विवेक ने अपनी प्रेमिका को भी भेजा था। लेकिन टीआई आर्य ने इससे साफ इंकार किया है। उनका कहना है कि इस घटना में आरोपियों के तीनों मोबाईल जब्त कर पूरी जांच की गई है। उसमें ऐसा कुछ भी नही मिला है।
भानू ने मुड़वाया सिर: घटना के बाद अपनी हुलिया बदलने के लिए आरोपी भानू प्रताप पाण्डे ने अपने बाल बनवा लिए थे। भानू का सोचना था कि शायद ऐसा करने पर उसे कोई पहचान नही पाएगा और वह पुलिस को भी चकमा देने में कामयाब हो जाएगा। वहीं पुलिस को इनकी तीन बार लोकेशन मिली और पुलिस बल रवाना किया गया। लेकिन यह लोग तीनों बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहे। चौथी बार में पुलिस ने इन लोगों को बबीना के आम रास्तें से गिरफ्तार कर लिया।
निकाला जुलूस: इन आरोपियों को पेश करने के पूर्व पुलिस ने इनका कोतवाली से कंट्रोल रूम तक जुलूस निकाला। पुलिस इन आरोपियों को पैदल ही पुलिस कंट्रोल रूम तक ले गई। कंट्रोल रूम में पत्रकारों के सामने पेश करने के बाद पुलिस ने इन्हें वाहन में बैठा कर न्यायालय भेज दिया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो