scriptकरोड़ों का गौ-अभ्यारण – आठ गाय की मौत, सड़क पर बैठ गए यह लोग | Crores of Cow-Surgeon - Eight Cows Death | Patrika News
उज्जैन

करोड़ों का गौ-अभ्यारण – आठ गाय की मौत, सड़क पर बैठ गए यह लोग

रत्नाखेड़ी में गायों की हालत खराब, धरने पर बैठे कांग्रेसी निगम प्रशासन ने तीन दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया

उज्जैनJan 07, 2018 / 11:01 am

Gopal Bajpai

patrika

धरना देते हुए कांग्रेस, गाय की मौत पर प्रदर्शन

उज्जैन. सुसनेर के गौ अभयारण्य में गायों की मौतों के मामले के बीच अब उज्जैन में नगर निगम की गोशाला को लेकर भी अव्यवस्थाओं का मुद्दा उछलने लगा है। रत्नाखेड़ी स्थित निगम की कपिला गोशाला में ८ गायों की मौत के बाद शनिवार को कांग्रेसियों ने मौका मुआयना किया और फिर महापौर बंगले के बाहर धरने पर बैठ गए। निगम प्रशासन ने तीन दिन में व्यवस्था सुधार का आश्वासन दिया है। शहर में गायों की दुर्दशा है। लंबे समय से आवारा पशुओं के लिए रहने की व्यवस्था नहीं थी। निगम ने गौशाला का निर्माण किया, लेकिन भारी-भरकम बजट और सुविधाओं की बातों के बीच गायों की मरने की खबर भी आना शुरू हो गई।


निगम में हाल में चिंतामण मंदिर के नजदीक रत्नाखेड़ी में गोशाला का निर्माण किया है। नई शुरुआत के कुछ दिन बाद ही यहां ८ गायों की मौत हो गई, जिन्हें बाले-बाले ट्रेचिंग ग्राउंड क्षेत्र में दफना दिया गया। मामला उजागर होने के बाद शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सदस्य नूरी खान सहित अन्य कांग्रेसी गोशाला पहुंचे। खान के अनुसार गायों की स्थिति ठीक नहीं है। चार-पांच गाय मरणासन्न स्थिति में है और निगम प्रशासन ने उपचार की जगह उन्हें अलग-थलग गंदगी में छोड़ रखा है। निरीक्षण के बाद कांग्रेसी फ्रीगंज स्थित महापौर बंगले पहुंचे और व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में खान के अलावा जीतू सांखला, अभिषेक लाला, गुलनाज नासीर खान, शाहीद खान आदि मौजूद थे।
नहीं तो फिर करेंगे आंदोलन
महापौर बंगले के बाहर कांग्रेसी करीब दो घंटे तक धरने पर बैठे रहे। इस दौरान महापौर मीना जोनवाल उनसे मिलने नहीं पहुंची। बाद में निगम अपर कमिश्नर सुनील शाह कांग्रेसियों से मिले। कांग्रेसियों ने अव्यवस्थाओं की शिकायत करते हुए सुधार की मांग की। खान के अनुसार शाह ने तीन दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है। यदि ऐसा नहीं होता है तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो