scriptअब नेहरू कॉलेज में विद्यार्थियों को नहीं होगी समस्या, क्योंकि | Now students will not have problems in Nehru College, because | Patrika News
उज्जैन

अब नेहरू कॉलेज में विद्यार्थियों को नहीं होगी समस्या, क्योंकि

आगर-मालवा में नवीन कलेक्टोरेट भवन में बने वेयरहाउस ने की समस्या हल

उज्जैनAug 07, 2019 / 01:10 am

rajesh jarwal

patrika

आगर-मालवा में नवीन कलेक्टोरेट भवन में बने वेयरहाउस ने की समस्या हल

आगर-मालवा. आगर जिला बनने के बाद जितने भी लोकसभा विधानसभा चुनाव हुए उन सभी चुनावों का संचालन नेहरू कॉलेज से किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नेहरू कॉलेज के कक्षों को भी निर्वाचन आयोग द्वारा अधिगृहित कर रखा था। ऐसी दशा में नेहरू कॉलेज के विद्यार्थियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नवीन निर्माणाधीन कलेक्टोरेट भवन परिसर में बने निर्वाचन सामग्री के वेयरहाउस का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने पर अब नेहरू कॉलेज से निर्वाचन सामग्री को वेयरहाउस में रखने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई। वेयरहाउस मे इवीएम को पहुंचाया गया। इवीएम नेहरू कॉलेज से स्थानांतरित हो जाने से अब कॉलेज में स्थानाभाव की समस्या नहीं रहेगी और न ही विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
लोकसभा विधानसभा निर्वाचन प्रक्रिया को सम्पन्न कराने के लिए नेहरु कॉलेज से ही मतदान दलों को रवाना किया और नेहरू कॉलेज में ही मतगणना की गई। इस प्रक्रिया के दौरान कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। हालांकि कार्य निर्वाचन से जुड़ा हुआ था इसलिए विद्यार्थियों ने भी अपना धैर्य बनाए रखा। गणेश मंदिर के पास पहाड़ी पर करोड़ों की लागत से निर्मित हो रहे नवीन कलेक्टोरेट भवन परिसर में निर्वाचन प्रक्रिया के लिए वेयरहाउस का निर्माण कार्य पूर्ण होते ही नेहरू कॉलेज को रिक्त करने की प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है। विधानसभा चुनाव के बाद से ही ईवीएम मशीनें नेहरू कॉलेज में रखी थी और करीब ४ कक्ष मशीनों के लिए अधिगृहित थे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान ईवीएम मशीनें रखाने के बाद मतगणना तक कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों को प्रवेश भी नहीं मिल पाया था। अब इस तरह की स्थिति से निजात मिलेगी।
एप्रोच रोड, बगीचा आदि कार्य शेष
कलेक्टोरेट का आंतरिक एवं बाहरी हिस्सा लगभग बनकर तैयार है। सभी कक्षों में दरवाजे व अन्य व्यवस्थाएं निर्माण एजेंसी द्वारा जुटा दी गई है। बाहरी स्वरूप को निखारने के लिए पीआईयू द्वारा यहां एप्रोच रोड, बगीचा आदि विकास कार्य कराए जाएंगे। कलेक्टोरेट के सामने समतलीकरण कार्यहोना भी अभी शेष है।
लगेगी लिफ्ट
तीन मंजिला इस ईमारत में आने-जाने वाले अधिकारियों व आम लोगों के लिए एक लिफ्ट भी लगेगी। छावनी नाके से कुछ ही दूरी पर स्थित कलेक्टोरेट भवन तक पहुंचने के लिए आम लोगों को मशक्कत भी नही करना पड़ेगी।
करोड़ों की लागत से बन रहा है कलेक्टोरेट
२१ करोड़ ५० लाख की लागत से निर्मित हो रहे अत्याधुनिक कलेक्टोरेट परिसर में सभी कार्यालय संचालित होने लगेंगे। तीन मंजिला इस भव्य भवन में करीब ४०-५० बड़े-बड़े कक्ष बनाए गए हैं, जिनमें विभाग अपने कामकाज आसानी से संचालित कर पाएंगे। नए भवन में करीब ५१ विभाग एक साथ संचालित होंगे। खनिज, खाद्य, श्रम, महिला बाल विकास, रोजगार, भू-अभिलेख, उद्योग, जिला पंजीयक, आदिम जाति, जिला निर्वाचन, जिला योजना, जिला सूचना, जिला कोषालय आदि कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होने लगेंगे। एक ही छत के नीचे सभी कार्यालय संचालित होने से कार्यालय प्रमुखों द्वारा की जाने वाली अपडाउन प्रणाली पर भी काफी हद तक विराम लगेगा।
&नवीन कलेक्टोरेट भवन का निर्माण कार्य अभी शेष है भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार नवीन कलेक्टोरेट भवन परिसर में निर्मित वेयरहाउस में ईवीएम मशीनें रखने की शुरुआत की गई है इससे नेहरू कॉलेज रिक्त हो जाएगा।
अभय वर्मा, कलेक्टर

Home / Ujjain / अब नेहरू कॉलेज में विद्यार्थियों को नहीं होगी समस्या, क्योंकि

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो