scriptकोरोना के अंधकार को दूर करने जल उठे हजारों दीप | People will burn from house to house, they will win from Corona | Patrika News
उज्जैन

कोरोना के अंधकार को दूर करने जल उठे हजारों दीप

Ujjain News: रामनवमी का पर्व बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया गया। कई लोग तो आतिशबाजी भी करने लगे।

उज्जैनApr 02, 2020 / 09:02 pm

Lalit Saxena

People will burn from house to house, they will win from Corona

Ujjain News: रामनवमी का पर्व बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया गया। कई लोग तो आतिशबाजी भी करने लगे।

उज्जैन. कोरोना रूपी महामारी का दंश झेल रहे शहर में रामनवमी का पर्व बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया गया। संत डॉ. अवधेशपुरी महाराज ने इस दिन शहरवासियों से आह्वान किया था कि सभी लोग अपने घरों के बाहर, आंगन, खिड़कियों, दरवाजे और गैलरियों पर शाम 7.30 बजे कम से कम पांच दीप अवश्य जलाएं और कोरोना को दूर भगाएं।
बुधवार को लोगों ने इस आह्वान का बखूबी पालन किया और शहर का हर घर रोशनी से जगमगा उठा। कई लोग तो इसे दीपावली मानकर आतिशबाजी भी करने लगे। देखते ही देखते रोशनी से जगमगा उठे गली-मोहल्ले और चौबारे। लोगों ने एक-दूसरे को घर में रहकर ही रामनवमी पर्व की बधाई भी दी। दिनभर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और जानकी के चित्र, चौपाइयां और बधाई संदेशों का दौर खूब चला।

रामनवमी पर मंदिरों में जहां प्रतिमाओं का आकर्षक शृंगार किया गया, तो घरों में भये प्रकट कृपाला, दीनदयाला…की गूंज सुनाई दी। सामान्य रूप से लोग घरों में ही पर्व मनाते रहे और बाद में कई घरों में हवन-पूजन व शांति पाठ के आयोजन हुए। रामनवमी पर पवनपुत्र हनुमानजी की भी आरती उतारी और कोरोना रूपी महामारी से शीघ्र मुक्ति के लिए प्रार्थना की।

श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में सजा राम दरबार
2020 संवत 2076 चैत्र मास नवमी पर फ्रीगंज स्थित श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में श्रीराम जन्म उत्सव मनाया गया। प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी श्री शिव विष्णु समिति द्वारा मंदिर स्थित राम दरबार में श्रीराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान श्रीराम की जन्म आरती की गई व मंदिर के बाहर लोगों को प्रसाद वितरण किया गया। पुजारी व श्री शिव विष्णु समिति अध्यक्ष पुजारी घनश्याम शर्मा व संदीप शर्मा के अनुसार समिति द्वारा श्रीराम दरबार की स्थापना 1995 में प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में की गई थी। यहां राम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता रहा है। इस वर्ष कोरोना वायरस के चलते संक्षिप्त रूप से आरती-पूजन किया गया।

हनुमानजी की आरती उतारी
जयसिंहपुरा स्थित बाघ वाले हनुमान मंदिर में रामनवमी पर हनुमानजी की आरती उतारी गई। 21 दिन लॉकडाउन के चलते अखिल भारतीय युवक हिंदू महासभा तथा मध्य प्रदेश युवा शिवसेना गोरक्षा न्यास द्वारा पर लगातार भोजन प्रसादी बांटी जा रही है। वहीं मंदिर में जारी महायज्ञ की पूर्णाहुति भी रामनवमी अवसर पर हुई। अभा युवक हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह चौहान के अनुसार 25 मार्च से क्षेत्र की जनता को भोजन व्यवस्था कराई जा रही है। जरूरतमंद लोगों को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक भोजन प्रदान किया जा रहा है। वहीं समिति के सदस्य घर-घर जाकर भोजन वितरण कर रहे हैं। 14 अप्रैल तक निरंतर रूप से रोजाना भोजन बांटा जाएगा। भोजन बांटने में सहयोग करने वाले मुख्य रूप से मुख्य पुजारी भैयालाल माली, कुंदन जायसवाल, संजयसिंह चौहान, सत्य माली, प्रदीप गुरु, संजय परमार, लाखनसिंह दरबार, गोविंद माली, शैलेंद्र नागर, रुपेश ठाकुर, ओम योगी, कैलाश माली, जगदीश मंडलोई, गगन माली, भूरू जैसवाल, हरीश राठौर, संतोष मराठा, अशोक चौहान शामिल हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो