उज्जैन

Ram Navami 2024: यहां आज होगा रावण का वध, युद्ध के लिए सेना के साथ रथ पर सवार होकर आते हैं श्रीराम

उज्जैन जिले के चिकली में आज राम नवमी के मौके पर होता है रावण का वध, सभी धर्मों के लोग यहां राम और रावण का युद्द देखने आते हैं। अनूठी है परंपरा..।

उज्जैनApr 17, 2024 / 12:11 pm

Faiz

मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिकली में राम नवमी के अवसर पर बुधवार को रावण का वध किया जाएगा। दरअसल इस गांव के लोग राम नवमी के मौके पर चैती दशहरा पर्व मनाते हैं। इसी दिन गांव में एक विशेष मेला आयोजित होता है। खास बात ये है कि देशभर में सिर्फ चिकली गांव ही ऐसा इलाका है, जहां आज दशहरे के अलावा आज के दिन रावण का वध किया जाता है।
इस संबंध में सरपंच वीरेंद्र सिंह आंजना ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि पूरे प्रदेश में उज्जैन जिले का चिकली एकमात्र गांव है, जहां विशेष रूप से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होता है। राम-लक्ष्मण-हनुमानजी बने गांव के कलाकार रावण से युद्ध करने रथ पर सवार होकर आते हैं। उनके साथ उनकी सेना भी शामिल होती है। गांव के चौक बाजार में 500 मीटर लंबी कतार में दोनों तरफ दर्शक खड़े होकर राम-रावण का युद्ध देखते हैं।

धभी धर्मों के लोग देखने आते हैं राम-रावण युद्ध

वहीं, गांव के लोगों का कहना है कि श्रीराम-रावण का युद्ध देखने आसपास के ग्रामों से लोग आते हैं। इस आयोजन की खास बात ये है कि राम और रावण के इस युद्ध को देखने सभी धर्मो के लोग यहां आते हैं। करीब 60 साल पहले ग्रामवासियों ने बाजार में रावण की पाषाण की स्थायी प्रतिमा बनाई थी। तभी से रामजी द्वारा बाण चलाकर प्रतीक स्वरूप रावण का वध कर दिया जाता है। चौक बाजार में इसके ठीक सामने ही हनुमानजी का मंदिर है।

होगा रावण का वध, यह है परंपरा

हनुमानजी की चमत्कारिक प्रतिमा के दर्शन करने से लोगों की मनोकामना पूर्ण होती है। रावण की प्रतिमा के दाहिने तरफ भगवान राम का मंदिर बनकर तैयार है, यहां रामनवमी उत्सव पर मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। यही नहीं, दशहरा पर गांव के सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं पर सिंदूर लगाकर सार्वजनिक पूजा की जाती हैं। गांव के गामोठ, नाई के साथ जाकर ग्राम कोटवार द्वारा भैरव मंदिर पर मदिरा की धार लगाकर पूजा की जाएगी। मेले पर सार्वजनिक समिति द्वारा रात्रि में ग्रामवासियों के मनोरंजन हेतु पिछले वर्षों में नौटंकी, तेजाजी की कथा और माच का आयोजन किया जाता था परंतु अब ये परंपरा लुप्त होती जा रही है।

Home / Ujjain / Ram Navami 2024: यहां आज होगा रावण का वध, युद्ध के लिए सेना के साथ रथ पर सवार होकर आते हैं श्रीराम

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.