scriptजानिए सावन-भादौ में कब-कब महाकाल आएंगे आपके द्वार…आरती का समय भी परिवर्तित | Time of Aarti will be changed in Mahakalal temple | Patrika News
उज्जैन

जानिए सावन-भादौ में कब-कब महाकाल आएंगे आपके द्वार…आरती का समय भी परिवर्तित

महाकाल मंदिर में श्रावण-भादौ के मद्देनजर राजाधिराज के दरबार के पट खोलने का समय बदला जाएगा।

उज्जैनJul 19, 2018 / 01:21 pm

Lalit Saxena

उज्जैन. महाकाल मंदिर में श्रावण-भादौ के मद्देनजर राजाधिराज के दरबार के पट खोलने का समय बदला जाएगा। इस माह में प्रति सोमवार को तड़के 2.30 बजे और अन्य दिन 3 बजे द्वार खोले जाएंगे। इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक अभिषेक दुवे ने बताया कि श्रावण- भादौ मास में प्रतिदिन भगवान महाकाल की भस्म आरती के समय 28 जुलाई से 3 सितम्बर तक की अवधि में पट खुलने का समय प्रात: 3 बजे तय किया गया है। इस अवधि में प्रत्येक सोमवार को प्रात: 2.30 बजे पट खोले जाएंगे। प्रशासक दुवे ने संबंधित पुजारी और मंदिर के अधिकारी- सेवकों को परिवर्तित समयानुसार भस्म आरती व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

श्रावण में 4 एवं भादौ में 2 सवारी
श्रावण-भादौ मास में इस वर्ष भगवान महाकाल की कुल 6 सवारियां निकलेंगी। इसमें 4 श्रावण मास में तथा 2 भादौ मास में होंगी। प्रथम सवारी 30 जुलाई, द्वितीय सवारी 6 अगस्त, तृतीय सवारी 13 अगस्त,चतुर्थ सवारी 20 अगस्त, पंचम सवारी 27 अगस्त और शाही सवारी 3 सितम्बर को निकलेगी। सभी सवारियां महाकालेश्वर मन्दिर परिसर से शाम 4 बजे प्रारम्भ होंगी।

श्रावण महोत्सव के लिए कलाकारों का चयन
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति द्वार आयोजित श्रावण महोत्सव के लिए कलाकारों का चयन कर लिया गया है। महोत्सव में श्रावण मास के प्रत्येक रविवार को गायन, वादन एवं नृत्य की प्रस्तुति होगी। श्रावण के पहले रविवार 29 जुलाई को योगेश शंकरी, नई दिल्ली का शहनाई वादन एवं पद्मश्री स्वामी भारती बंधु रायपुर का शास्त्रीय गायन होगा। 05 अगस्त को श्रुति राजीव शर्मा, इन्दौर का भरतनाट्यम तथा नीलाद्री कुमार, मुम्बई का सितार वादन होगा। 12 अगस्त को शरद दांडगे ज्योतिर्लिंग के पुजारी औरंगाबाद का तबला वादन एवं वंदना मिश्रा, लखनऊ का शास्त्रीय गायन तथा शिंजनी कुलकर्णी नोएडा के कथक नृत्य की प्रस्तुति होगी। 19 अगस्त को महेश मलिक भोपाल का वायलिन वादन, अग्रवाल बंधु दमोह का शास्त्रीय गायन एवं साधना रहटगांवकर भिलाई का गायन होगा। 26 अगस्त को पलक पटवर्धन उज्जैन का समूह कथक नृत्य, नवनीता चौधरी नई दिल्ली का शास्त्रीय गायन एवं अनिन्दो चटर्जी एवं अनुव्रत चटर्जी कलकत्ता की जुगलबंदी होगी। 02 सितम्बर को सतीश खनविलकर इन्दौर का मोहन वीणा वादन एवं पल्लवदास वाराणसी का गायन होगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो