scriptशपथ ग्रहण समारोह का मंच रंगा सपा के रंग में, भाजपाईयों ने किया बहिष्कार | BJP sabhasad quits oath ceremony as stage was colored in Samajwadi | Patrika News
उन्नाव

शपथ ग्रहण समारोह का मंच रंगा सपा के रंग में, भाजपाईयों ने किया बहिष्कार

सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सभासदों को दिलाई गई शपथ, भाजपा के सभासदों ने नहीं ली शपथ.

उन्नावDec 12, 2017 / 06:47 pm

Abhishek Gupta

Unnao

Unnao

उन्नाव। उन्नाव की जनता ने अखिलेश यादव के कार्यों पर भरोसा किया। जिसका प्रमाण है नगर पालिका अध्यक्ष के पद पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की जीत। जबकि भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान सरकार के तथाकथित कार्यों को जनता ने नकार दिया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जेल जाने से नहीं डरते, प्रदेश की जेल कम पड़ जाएंगी। स्थानीय निराला प्रेक्षागृह में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी सुनील साजन ने उक्त विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस जीत का असर 2019 और 2022 के चुनाव में दिखाई पड़ेगा। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिस समय सपा प्रत्याशी उषा कटियार के नाम की घोषणा हुई थी, उसी समय लोग पूछ रहे थे कि यह उषा कटियार कौन है। इस पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। सुनील सिंह साजन ने सोशल मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल को भी सपा के हित में बताया और कहा कि उषा कटियार के पक्ष में प्रचार करने वाले सोशल मीडिया के लोग भी बधाई के पात्र हैं। इस मौके पर मंच समाजवादी पार्टी के रंग में रंगा था और कार्यकर्ता सपा के पक्ष में नारेबाजी करते देखे गए। निराला प्रेक्षागृह में नगर पालिका उन्नाव के भाजपा सभासदों ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया। भाजपा के सभी सभासद मंच से दूर रहे।
जनपद के विभिन्न हिस्सों में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न-
इसके साथ ही जनपद के दो अन्य नगर पालिका साहित्य नगर अध्यक्ष को आज सभासदों के साथ शपथ दिलाई गई।जिला अधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्याय), समस्त उपजिलाधिकारियों, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत द्वारा शपथ ग्रहण समारोह संपन्न कराया गया। जिले की तीन नगर पालिका व पन्द्रह नगर पंचायतों में नव निर्वाचित अध्यक्ष व सदस्यों को शपथ दिलायी गयी। जिसमें नगर पालिका गंगा घाट में अपर जिलाधिकारी (न्याय) ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रंजना गुप्ता को स्थानीय ओपीजेडी इंटर कालेज में शपथ दिलायी। इस दौरान सदर विधायक पंकज गुप्ता सहित अन्य बीजेपी के नेता मौजूद थे। नगर पालिका उन्नाव में उपजिलाधिकारी सदर मेघा रूपम ने प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में उषा कटियार सहित सभासदों को शपथ दिलायी।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अनवार अहमद, पूर्व मंत्री चैधरी अशोक सिंह बेबी, जिला महासचिव राजेश यादव, जिला उपाध्यक्ष सी. के त्रिपाठी, प्रशान्त कटियार आदि लोग उपस्थित थे। नगर पालिका बांगरमऊ में नवनिर्वाचित अध्यक्ष इजहार खां गुड्डू को उपजिलाधिकारी पूजा अग्निहोत्री ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस दौरान भारी संख्या में लोगों का हुजूम उपस्थित रहा। इसी प्रकार नगर पंचायत फतेहपुर चैरासी, गंजमुरादाबाद में उपजिलाधिकारी बांगरमऊ पूजा अग्निहोत्री ने अध्यक्ष व सदस्यों को शपथ दिलायी। नगर पंचायत सफीपुर में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नसीम अहमद को उपजिलाधिकारी कृपाशंकर यादव ने शपथ दिलायी। इस दौरान भारी संख्या में सपाई कार्यकर्ताओं का हुजूम उपस्थित रहा। इसी प्रकार ऊगू, कुरसठ में उपजिलाधिकारी सफीपुर कृपाशंकर यादव ने अध्यक्ष व सदस्यों को शपथ दिलायी। नगर पंचायत न्योतनी, नवाबगंज में अति. उपजिलाधिकारी उदयभान सिंह ने अध्यक्ष व सदस्यों को शपथ दिलायी। नगर पंचायत पुरवा में उपजिलाधिकारी प्रभु दयाल ने अध्यक्ष रेनू गुप्ता को शपथ दिलायी। इस दौरान एमएलसी सुनील कुमार यादव, पूर्व विधायक उदय राज यादव, भाजपा प्रत्याशी उत्तम चन्द्र लोधी, ब्लाक प्रमुख पुरवा शिव बहादुर पटेल आदि उपस्थित रहे। मौरावा में उपजिलाधिकारी प्रभु दयाल ने अध्यक्ष सियावती शुक्ल सहित सदस्यों को शपथ दिलायी। नगर पंचायत बीघापुर भगवंत नगर में उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार तथा नगर पंचायत मोहान, हैदराबाद, रसूलाबाद, औरास में उपजिलाधिकारी मनीष बन्सल ने नव निर्वाचित अध्यक्षों को शपथ दिलायी।

Home / Unnao / शपथ ग्रहण समारोह का मंच रंगा सपा के रंग में, भाजपाईयों ने किया बहिष्कार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो