scriptहैदराबाद के बाद एक और लड़की से हैवानियत, बलात्कार पीड़िता को तेल छिड़ककर जिंदा जलाया | Rape victim burnt alive in Unnao | Patrika News
उन्नाव

हैदराबाद के बाद एक और लड़की से हैवानियत, बलात्कार पीड़िता को तेल छिड़ककर जिंदा जलाया

वारदात की बड़ी बातें
– बलात्कार पीड़िता को तेल छिड़ककर जिंदा जलाया (Unnao Rape and Burnt Alive Case)
– खेतों में जलाया गया बलात्कार पीड़िता को
– पुलिस ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा
– जिला अस्पताल से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर
– बिहार थाना क्षेत्र की घटना

उन्नावDec 05, 2019 / 01:30 pm

नितिन श्रीवास्तव

हैदराबाद के बाद एक और लड़की से हैवानियत, बलात्कार पीड़िता को तेल छिड़ककर जिंदा जलाया

हैदराबाद के बाद एक और लड़की से हैवानियत, बलात्कार पीड़िता को तेल छिड़ककर जिंदा जलाया

उन्नाव . हाल ही में हैदराबाद में एक महिला डाक्टर के साथ घटी रेप और जिंदा जलाने की घटना ने देश को झझकोर कर रख दिया था। लोग अभी उसे भूल भी नहीं पाये थे कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में भी एक बलात्कार पीड़िता को जलाकर मारने का प्रयास किया गया है। घटना उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में हिंदू नगर पाटन खेड़ा गांव की बताई जा रही है। यहां गुरुवार को एक रेप पीड़िता को जमानत पर छूट कर आए दो आरोपियों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जिंदा जला दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पीड़िता 80 प्रतिशत तक जल गई है और उसकी हालत काफी गंभीर है। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्नाव में हुई हैवानियत को लेकर सड़क से संसद तक हंगामा मचा और प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी दलों ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
ये है पूरा मामला

दरअसल कुछ दिन पहले ही युवती के साथ रेप हुआ था। इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। गुरुवार को युवती इसी मामले की पैरवी के लिए रायबरेली जा रही थी। सुबह चार बजे के करीब गांव के बाहर खेत में दोनों आरोपी और उसके तीन साथियों ने उसके ऊपर मिटटी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
सभी आरोपी गिरफ्तार

वहीं इस हैवानियत पर यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि उन्नाव की घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़िता ने अपने बयान में दोनों आरोपियों का नाम लिया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि अब 1090 पर लड़कियां बेखौफ होकर घूम रही हैं। लेकिन इस तरह की दो-तीन घटनाएं बेहद निंदनीय हैं। डीजीपी ने कहा कि पीड़ित को बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। डीजीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद रायबरेली में रेप का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसकी पैरवी के लिये पीड़िता जा रही थी।
प्रियंका गांधी का फूटा गुस्सा

उन्नाव की घटना के बाद कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से साफ-साफ झूठ बोला है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कल देश के गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ-साफ झूठ बोला कि यूपी की कानून व्यवस्था अच्छी हो चुकी है। लेकिन हर रोज ऐसी घटनाओं को देखकर मन में रोष होता है। भाजपा नेताओं को भी अब फर्जी प्रचार से बाहर निकलना चाहिए। वहीं राज्यसभा में भी उन्नाव मामले को लेकर काफी हंगामा हुआ।
उत्तर प्रदेश में जंगलराज

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रेसवार्ता कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्नाव की घटना के बाद उत्तर प्रदेश में जंगलराज बन गया है। जो अपराधी जेल में थे वह छूट कर आये और बेटी को जलाने की कोशिश की। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल उन्नाव जाएगा और पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक लड़ेगी। अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूती से महिलाओं के साथ खड़ी है। पार्टी सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। क्या यही उनकी उपलब्धियों का पिटारा है? मैनपुरी की घटना ने में प्रियंका गांधी के ट्वीट के बाद जागने वाली सरकार की कलई खुल चुकी है।
अखिलेश का ट्वीट

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता को जिंदा जलाये जाने के दुस्साहस की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार का सामूहिक इस्तीफा होना चाहिए। माननीय न्यायालय से गुहार है कि वह इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के समुचित उपचार व सुरक्षा की तत्काल व्यवस्था के निर्देश दे।

Home / Unnao / हैदराबाद के बाद एक और लड़की से हैवानियत, बलात्कार पीड़िता को तेल छिड़ककर जिंदा जलाया

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो