वाराणसी. करोड़ों हिंदुओं के आस्था के प्रतीक राम मंदिर (Ram Mandir) के निर्माण में सहयोग के तौर पर नेता सहित तमाम लोग दान कर रहे हैं। लोग अपनी आस्था अनुसार, श्रीराम के बनने वाले मंदिर के लिए धनराशि का दान कर रहे हैं। मंदिर के निर्माण में सहयोग करने में मुस्लिम समाज भी पीछे नहीं है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच द्वारा आयोजित राम जन्मभूमि को समर्पण निधि कार्यक्रम में काशी और आस पास के जिले के मुसलमानों ने दिल खोलकर दान दिया। मुस्लिम समाज के लोगों ने 101 रुपये से लेकर 21 हजार रुपये तक दान किया है। वहीं, राम जन्मभूमि पर शिलान्यास के वक्त श्रीराम के ननिहाल रायपुर से मिट्टी लेकर पैदल यात्रा करने वाले मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय सेवा प्रमुख मो. फैज खान और मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पूर्वांचल प्रभारी मो. अजहरूद्दीन ने भी समर्पण निधि दी।