कांग्रेस का वॉर रूम है खजुरी में
जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से सोशल मीडिया के लिए अलग से टीम बनाई गई है। पार्टी प्रवक्ता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय चुनाव कार्यालय खजुरी में जहां वाररूम बना है। वहीं डीएलडब्ल्यू में भी वाररूम के जरिए सोशल मीडिया पर विरोधियों से मोर्चा संभाला जा रहा है। यहां आईटी प्रभारी मयंक राय व ऋषि उपाध्याय, रितेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस की योजनाओं, घोषणापत्र, 60 साल में पार्टी के कार्यो को गिनाया जा रहा है। मेन फोकस न्याय योजना पर है।
सपा- बसपा भी सोशल वॉल पर हाथी- सायकिल को काबिज कराने में युद्धस्तर से जुट चुकी है। इसकी कमान बामसेफ व विधानसभावार वालेंटियर को सौंपी गई है। पार्टी कार्यालय से कैंडीडेट्स वाररूम से चुनाव का संचालन करा रहे हैं। हाईकमान से मिले निर्देशों पर बूथ वाइज वालेंटियर अपने- अपने क्षेत्र में हाथी- सायकिल को सोशल मीडिया पर खूब दौड़ा रहे हैं। सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल के अनुसार सिगरा में वाररूम तैयार किया गया है। सपा- बसपा गठबंधन को फतह दिलाने के लिए लखनऊ- नई दिल्ली से टीम शहर में डेरा जमा चुकी है। एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की टीम सिर्फ सोशल मीडिया के लिए वर्क कर रही है। वैसे इसमें मनोज यादव गोलू, प्रदीप जायसवाल, राजू यादव, ईशान मिल्की आदि प्रमुख है।
भारतीय जनता पार्टी के सह मीडिया प्रभारी और 2014 में पार्टी का आईटी सेल देख रहे पीयूष वर्धन ने बताया कि पार्टी का वॉर रूम बादशाह बाग स्थित कार्यालय में बना है। यहां आईटी प्रभारी वैभव कपूर, संयोजक शशि कुमार व वॉर रूम प्रभारी विजय गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्रीय टीम वार रूम में काम कर रही है। इसके अलावा महमूरगंज स्थित कार्यालय में भी वार रूम बना है। वहां महानगर प्रभारी मधुकर चित्रांश और संयोजक कुशाग्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में 10 से 15 लोगों की टीम काम कर रही है। पार्टी का सोशल विंग सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बसंल से जुड़ी है। उन्हें अपडेट भी किया जा रहा है।