script1560 मैडल्स के लिए होगा विदिशा में महा मुकाबला | 1560 Madls will compete in Vidisha Maha | Patrika News

1560 मैडल्स के लिए होगा विदिशा में महा मुकाबला

locationविदिशाPublished: Jul 29, 2015 11:19:00 pm

नगर का खेल
स्टेडियम 5 जनवरी से होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स वैटरन्स चैम्पियनशिप की मेजबानी
के लिए

vidisha

vidisha

विदिशा।नगर का खेल स्टेडियम 5 जनवरी से होने वाली राष्ट्रीय एथलेटिक्स वैटरन्स चैम्पियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार होगा। यहां 26 इवेंट्स में 1560 मैडल्स के लिए देश भर के 5 हजार से ज्यादा बुजुर्ग खिलाडियों में मुकाबला होगा। इस स्पर्घा मे देश के ओलम्पियन मिल्खा सिंह, उड़नपरी पीटी ऊषा और कुश्ती के महारथी सतपाल सिंह को भी आमंत्रित किया गया है।


एथलेटिक्स के एशियन चैम्पियन और मप्र वैटरन एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जोधा सिंह ने इस चैम्पियनशिप के लिए बुधवार को स्टेडियम का भ्रमण कर यहां कराए जाने वाले कार्यो की जानकारी ली। उनके साथ जिला मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रूद्रप्रताप सिंह भी थे। उन्होंने बताया कि इस स्पर्घा में महिलाओं और पुरूषों के 26-26 इवेंट होगे। 10 आयु वर्गो को मिलाकर कुल 520 गोल्ड, 520 सिल्वर और 520 ब्रॉन्ज मैडल्स के लिए प्रतियोगिता होगी।

बनेंगे 10 आयु वर्ग


इस स्पर्घा में सभी 26 इवेंट्स के लिए आयु वर्ग के आधार पर 10 समूह बनाए गए हैं। पहला समूह 35 वर्ष से 40 वर्ष तक की आयु के लिए होगा। इसी तरह हर समूह मे 5-5 वर्ष का अंतर होगा। अंतिम समूह 80 वर्ष से अधिक आयु वाले खिलाडियों का होगा।

होंगे पुख्ता इंतजाम

स्पर्घा में शामिल होने वाले करीब 5 हजार खिलाडियो को सुविधायुक्त आवास और भोजन उपलब्ध कराने के लिए भी पूरी योजना है। खिलाडियों के आवास के लिए होटलों, लॉज, धर्मशालाओं के साथ ही मैरिज गार्डन में व्यवस्था होगी। जरूरत पड़ने पर कुछ बड़े स्कूल-कॉलेज भवनों का भी इसके लिए इंतजाम किया जा सकता है।

निकलेगा मार्च पास्ट


स्पर्घा के शुभारंभ अवसर पर 5 जनवरी को सुबह 11 बजे से स्पर्घा में शामिल होने वाले खिलाडियो का शहर में मार्च पास्ट निकाला जाएगा। इस दौरान हर प्रांत के खिलाडियों का समूह अपने प्रांत की पारंपरिक वेशभूषा में होगा। हर प्रांत का अलग खेल ध्वज होगा। शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा से खिलाडियों का स्वागत किया जाएगा।

दिखेगी सांस्कृतिक छटा


आयोजन को यादगार बनाने के लिए शुभारंभ और समापन अवसर पर विभिन्न प्रांतों के सांस्कृतिक आयोजन होंगे। इसमें ख्यात कलाकारों के साथ ही स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। आकर्षक आतिशबाजी भी होगी।

संवारेंगे विशेषज्ञ


राष्ट्रीय स्पर्घा के लिए स्टेडियम को संवारने नामी विशेषज्ञों को बुलाया जा रहा है। वे स्टेडियम में स्पर्घा के अनुकूल रेस ट्रेक, दर्शकों तथा खिलाडियों के लिए दीर्घा का निर्माण कराएंगे। प्रत्येक खेल के लिए स्थान का चयन अगस्त माह में हो जाएगा।

यादगार बनाएंगे


जिला मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिशन के अध्यक्ष रूद्रप्रताप सिंह का कहना है कि अब तक प्रदेश में इतनी बड़ी स्पर्घा नहीं हुई, जिसमें एक साथ पांच हजार खिलाडियों ने हिस्सा लिया हो। सबके सहयोग से इस स्पर्घा को यादगार बनाया जाएगा। खेल जगत में भी विदिशा की गूंज दूर तक जाएगी। इस अवसर पर एशियन चैम्पियन जोधासिंह के अलावा जिला एसोसिएशन के सचिव दिनेश श्रीवास्तव, अवनीश खरे, केबी भट्ट, दिलीप थापा, लालताप्रसाद तिवारी, डॉ. विनोद साहू, राजेश यादव आदि ने स्टेडियम का दौरा किया।

एशियन स्पर्घा की दावेदारी: जोधासिंह


तीन बार के एशियन एथलेटिक्स चैम्पियन जोधा सिंह कोलकाता, बैंकॉक और बैंगलूरू में आयोजित एशियन स्पर्घाओं में गोल्ड मैडल जीत चुके हैं। 800 मीटर, 1500 मीटर और 4 गुणा 400 मीटर की रिले दौड़ में वे चैम्पियन रहे हैं। एशियन एथलेटिक्स स्पर्घा में 800 मीटर तथा 1500 मीटर दौड़ का रिकार्ड उनके ही नाम है।


इसके अलावा उन्होंने नेशनल स्पर्घाओं में भी 250 से ज्यादा मैडल्स बटोरे हैं। उनका कहना है कि यहां राष्ट्रीय स्पर्घा के बाद विदिशा का नाम खेल नक्शे पर तेजी से स्थापित हो जाएगा। वे कहते हैं कि यह आयोजन सफल होने के बाद विदिशा का दावा एशियन तथा इंटरनेशनल स्पर्घाओं के लिए भी मजबूत हो जाएगा। स्टेडियम को इसके लिए काफी बेहतर बनाना होगा।

गोविन्द सक्सेना
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो