scriptमार्निंग वॉक पर गए युवक के शव को नोंचते रहे जानवर, देखते रहे लोग | Dead man body | Patrika News
विदिशा

मार्निंग वॉक पर गए युवक के शव को नोंचते रहे जानवर, देखते रहे लोग

मानवीय संवेदनाएं हुईं शर्मसार, पुलिस ने भी हमेशा की तरह बरती ढील

विदिशाJul 17, 2020 / 01:56 pm

KRISHNAKANT SHUKLA

मार्निंग वॉक पर गए युवक के शव को नोंचते रहे जानवर, देखते रहे लोग

मार्निंग वॉक पर गए युवक के शव को नोंचते रहे जानवर, देखते रहे लोग

विदिशा। जिस जिले को मानव सेवा के लिए प्रदेश भर में अग्रणी मानकर उसकी दुहाई दी जाती है, वहां गुरुवार की अलसुबह मानवता शर्मसार हो गई। सुबह अपने घर से सुबह 5.30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत ही नहीं हुई बल्कि वाहन से घिसटने के कारण उसके शरीर के सारे कपड़े भी फट गए। विदिशा-बैरसिया रोड खूब चल रहा था, किसान खेत में पहुंच चुके थे, लेकिन सबने अनदेखी की।

जानवरों का आहार बना
इतना ही नहीं सड़क के एक किनारे पड़े युवक को सबके सामने जानवर नोंच रहे थे। लेकिन किसी ने रुककर उन्हें वहां पुलिस के आने तक रोका भी नहीं। जानवर शव को नोंंच रहे थे, लोग निकल रहे थे, तमाशा देख रहे थे और आगे बढ़ रहे थे। पुलिस आई तब तक काफी देर हो चुकी थी, 8 बजे तक उसका शव जानवरों का आहार बनता रहा।

तमाशा देख आगे बढ़ जाते
खामखेड़ा निवासी एक युवक गुरुवार की अल सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था, लेकिन विदिशा-बैरसिया मार्ग पर खामखेड़ा से करीब एक किमी पहले अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। वाहन के साथ घिसटने के कारण उसके कपड़े फट गए और सड़क किनारे करीब दो घंटे उसका शव निर्वस्त्र पड़ा रहा। इसकी सूचना भी पुलिस को काफी देर बाद लगी। तब तक उसके शव को जानवर नोंचने लगे थे। लोग वाहनों से निकलते, वाहन धीमे करते और तमाशा देख आगे बढ़ जाते।

शव काफी क्षत विक्षत हो चुका था
आसपास के कई किसान भी अपने खेतों पर पहुंच चुके थे, सबने देखा लेकिन पुलिस के आने तक किसी ने जानवरों से शव को बचाने की कोशिश भी नहीं की। किसी तरह जब पुलिस तक खबर पहुंची तब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक शव काफी क्षत विक्षत हो चुका था।


परिजनों ने थाने में इसकी शिकायत की
खामखेड़ा चौकी के हेड कांस्टेबल अजब सिंह ने बताया कि खामखेड़ा निवासी 27 वर्षीय रीतेश बघेल रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाता था। गुरुवार को भी वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकला था। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने थाने में इसकी शिकायत की।

कपड़े फटने से वह निर्वस्त्र हो गया
पुलिस तुरंत युवक की खोजबीन के लिए मुख्य मार्ग पर निकली, तो गांव से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे उसका शव मिला। करीब आठ बजे तक पंचनामा आदि बनवाकर शव पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था और पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा। पुलिस का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है और वाहन से घिसट जाने के कारण उसके कपड़े फटने से वह निर्वस्त्र हो गया हो।

खामखेड़ा निवासी रीतेश बघेल सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था, अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। जानकारी लगते ही पुलिस पहुंची और पीएम करवाकर शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं अज्ञात चार पहिया वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण कायम किया है।
-अरूणा सिंह, टीआई, करारिया

Home / Vidisha / मार्निंग वॉक पर गए युवक के शव को नोंचते रहे जानवर, देखते रहे लोग

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो