scriptघर-घर बन रहे मास्क, मेडिकल स्टोर पर मास्क का होने लगा टोटा | Masks being made at home, masks started being used at medical stores | Patrika News
विदिशा

घर-घर बन रहे मास्क, मेडिकल स्टोर पर मास्क का होने लगा टोटा

जरूरतमंदों को सस्ते दामों में उपलब्ध करवा रहे मास्क

विदिशाMar 31, 2020 / 06:09 pm

Anil kumar soni

लटेरी। इस तरह कई घरों में चल रहा मास्क बनाने का काम।

लटेरी। इस तरह कई घरों में चल रहा मास्क बनाने का काम।

लटेरी। कोरोना वायरस के प्रकोप से बचने के लिए मास्क की मांग क्षेत्र में बहुत बढ़ गई है। ऐसे में अधिकांश मेडिकल दुकानों पर भी मास्क नहीं मिल रहे हैं। जिसके चलते क्षेत्र में मास्क की पूर्ति करने के लिए कई समाजसेवी और टेलर आगे आए हैं और वे अपने-अपने घर में मास्क बनाने के काम में जुट गए हैं और स्थानीय प्रशासन, नगरीय निकाय या पंचायत आदि को उपलब्ध करवा रहे हैं। जिनके माध्यम से आम नागरिकों तक यह मास्क निशुल्क पहुंच रहे हैं।
मालूम हो कि मेडिकल दुकानों पर मास्क का टोटा होने की जानकारी लगने पर एसडीएम बृजेंद्र सिंह यादव ने मास्क की सुनिश्चितता तय करने के निर्देश सीएमओ पीएस खरे को दिए। जिसके चलते सीएमओ द्वारा १ हजार मास्क बनाने का काम स्थानीय टेलर्स को दिया गया। प्रतिदिन जितने भी मास्क बनते जा रहे हैं नगर परिषद इन मास्क को जनता में निशुल्क वितरित करती जा रही है। स्थिति यह है कि मास्क बनाने के काम में जुटे टेलर दिनरात मास्क बनाने में लगे हुए हैं। वहीं उनके परिजन भी इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं। कोई कपड़ा काटता है, तो कोई उसकी सिलाई काम कर रहा है। वहीं कई टेलर निशुल्क मास्क भी जरूरतमंदों को वितरित कर रहे हैं।
समाजसेवी भी आ रहे आगे
मास्क बनवाने का काम जहां प्रशासन, स्थानीय निकाय या पंचायतों द्वारा किया जा रहा है। वहीं कई समाजसेवी भी इस कार्य में बढ़-चढ़कर आगे आ रहे हैं और निशुल्क मास्क वितरित करने के लिए इन टेलर्स से मास्क बनवा रहे हैं। कई स्वयं भी इस कार्य में लगे हुए हैं।
तेल, साबुन की वितरित
सीएमओ खरे द्वारा परिषद के कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए सरसों का तेल, साबुन, ग्लब्ज और मास्क आदि सामग्री वितरित की गई। वहीं शहर में साफ-सफाई के लिए प्रतिदिन कीटनाशक दवा के छिड़काव के साथ सैनेटाइज किया जा रहा है।
प्रतिदिन बना रहे 600 तक मास्क
मास्क बनाने के कार्य में जुटे लोग मिलकर प्रतिदिन करीब 600 तक मास्क बना रहे हैं। इस कार्य में शहर के महेश शर्मा, लखन पाल, रानू नामदेव, दुर्गा नामदेव, मनोज नामदेव, हरिओम नामदेव, राकेश नामदेव, घनश्याम शर्मा सहित अन्य टेलर्स और समाजसेवी लगे हुए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो