आगरा। India Meteorological Department (IMD) की भविष्यवाणी सही साबित हुई है। गुरुवार को आगरा में सुबह की शुरुआत बादलों की गरज, चमक और तेज बारिश के साथ हुई। आगरा के पिनाहट, कागारौल, जउपुरा, बिचपुरी व दिगरौता आदि आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। इस बीच तेज हवाओं ने गलन को बढ़ा दिया। कागारौल में प्राथमिक स्कूल का छज्जा गिर गया। ऐसे में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि आने वाले तीन दिन और भी भारी पड़ सकते हैं। तीन दिनों में घने कोहरे के साथ तेज बारिश के आसार हैं। साथ ही तूफानी हवाओं के चलते लोगों को सावधानी बरतने की भी हिदायत दी गई है।