वार्ड 49 राहुल नगर में जब मतदानकेंद्र पर मुस्लिम मतदाता अपने वोट डालने के लिए निकले, तो वहां वोटर लिस्ट में उनके नाम नहीं थे। वोटर लिस्ट में नाम न होने के चलते मतदाताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने वहां पर हंगामा करना शुरू कर दिया। मतदाताओं ने कहा कि जानबूझकर उनके नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। ये क्षेत्र मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र हैं। यहां अल्पसंख्यक समुदाय के करीब तीन हजार वोट हैं और नो सौ वोट इस बार काट दिए गए हैं। मुस्लिमों के हंगामा करने के बाद भी प्रशासन का कोई नुमाइंदा वहां नहीं पहुंचा।
वहीं वार्ड 49 में समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाए हैं कि यहां फर्जी तरीके से मतदान किया जा रहा है। सपाईयों ने इस बात को लेकर धरना प्रदर्शन किया है। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।
बता दें कि आगरा नगर निगम के अलावा जिले की पांच नगर पालिका परिषद और छह नगर पंचायतों के लिए मतदान होगा। वहीं जिले में सभी निकायों के 310 वार्डों के लिए 1516 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। नगर निगम में महापौर के लिए 13 और 100 वार्डों के लिए 704 पार्षद प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। नगर निगम का चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और पालिका परिषद व नगर पंचायतों के चुनाव मतपत्रों से हो रहे हैं।