scriptमोदी-शिंजो आवे छे, स्वागत को तैयार गुजरात | Modi-Shinzo Abe Chhe ready to welcome Gujarat | Patrika News
अहमदाबाद

मोदी-शिंजो आवे छे, स्वागत को तैयार गुजरात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को आ रहे हैं। दोनों देशों के प्रधानमंत्री के स्वागत को ग

अहमदाबादSep 13, 2017 / 05:23 am

मुकेश शर्मा

Narendra Modi

Narendra Modi

अहमदाबाद।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को आ रहे हैं। दोनों देशों के प्रधानमंत्री के स्वागत को गुजरात का ऐतिहासिक शहर अहमदाबाद पूरी तरह सज-धज कर तैयार है।

मोदी खुद अहमदाबाद हवाईअड्डे पर शिंजों की अगुवानी करेंगे। इसके बाद शिंजों अपनी राजकीय यात्रा की यहीं से शुरुआत करेंगे। हवाईअड्डे से दोनों राष्ट्राध्यक्ष शहर के साबरमती आश्रम पहुंचेंगे। आठ किलोमीटर के इस रूट पर मोदी व शिंजों रोड शो करेंगे।

ऐसा पहली बार हो रहा है जब भारतीय प्रधानमंत्री के साथ कोई अन्य देश के प्रधानमंत्री संयुक्त रोड शो करेंगे। दोनों विश्व नेताओं को रोड शो के दौरान सडक़ों की ओर खड़े अहमदाबाद के लोग स्वागत करेंगे।

आठ किलोमीटर तक शहर के लोग नागरिक अभिनंदन करेंगे। साबरमती रिवरफ्रंट से गुजरने वाले इस रोड शो पर 28 राज्यों के कलाकार अपने सांस्कृतिक नृत्य पेश कर भारत में विविधता की झलक देंगे।

१2वें भारत-जापान व्यापार सम्मेलन में भागीदारी

दोनों पीएम महात्मा मंदिर में 12वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। मोदी-शिंजो की यह चौथी शिखर वार्ता होगी। व्यावसायिक शिष्टमंडल भी इसी दिन यहां पहुंचेगा। दोनों नेता विशेष रणनीतिक व वैश्विक साझेदारी के फ्रेमवर्क के तहत भारत व जापान के बीच बहुद्देश्यीय सहयोग की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और भावी दिशा तय करेंगे। इसके बाद दोनों नेता शाम को साइंस सिटी का दौरा करेंगे। इसी दिन रात को आबे टोकियो और प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

दोनों नेताओं का जन्मदिन इसी माह

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व जापानी पीएम शिंजो का जन्म दिन इसी सितम्बर महीने में है। मोदी जहां अपना 67वां जन्म दिन 17 सितम्बर को मनाएंगे वहीं शिंजो अपना 63वां जन्म दिन 23 सितम्बर को मनाएंगे।

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का भूमिपूजन कल

अगले दिन गुरुवार को दोनों पीएम अहमदाबाद में साबरमती के एथलेटिक ग्राउंड पर मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का भूमिपूजन करेंगे। मोदी का यह काफी महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इसके बाद गांधीनगर में महात्मा मंदिर परिसर स्थित महात्मा गांधी को समर्पित दांडी कुटीर संग्रहालय जाएंगे।

आज गांधी आश्रम और सिद्दी सैयद की जाली देखने जाएंगे

दोनों प्रधानमंत्री साबरमती के किनारे महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे। यहां से वे अहमदाबाद में 16वीं शताब्दी की विश्व प्रसिद्ध मस्जिद व अहमदाबाद की प्रतिकृति के लिए विख्यात सिद्दी सैयद की जाली भी जाएंगे। यहां पर शिंजो को शहर की विरासत के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद मोदी-शिंजो ‘द हाउस ऑफ एम.जी.’ (होटल अगाशिए) में डिनर करेंगे। यहां पर दोनों प्रधानमंत्री द्विपक्षीय संबंधों पर आपस में बातचीत करेंगे।

एयरपोर्ट पर बौद्ध भिक्षु करेंगे स्वागत

जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बुधवार को अहमदाबाद हवाई अडड्े पर अनूठे ढंग से स्वागत होगा। यहां पर करीब 35 से 40 बौद्ध भिक्षु इन दोनों विश्व नेताओं का पाली भाषा में मंत्रोच्चार से स्वागत करेंगे। ये सभी बौद्ध भिक्षु इस प्राचीन भाषा में दोनों देशों के बीच मैत्री से जुड़ा मंत्रोच्चार करेंगे। यह बौद्ध भिक्षु अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैण्ड, ओडिशा, असम, पश्चिम बंगाल, बैंगलोर के अलावा भूटान व म्यांमार से यहां आए हैं। संघ काया फाउंडेशन के सचिव भंते तेजिन्दो ने बताया कि यह अपनी तरह से एक अनूठा स्वागत होगा। पहले अहमदाबाद हवाई अड्डे पर जापानी प्रधानमंत्री आबे पहुंचेंंगे वहीं इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी यहां आएंगे।

इसके बाद दोनों प्रधानमंत्री की उपस्थिति में यह स्वागत होगा। अहमदाबाद में शिंजो और मोदी के स्वागत के लिए जगह-जगह पोस्टर व होर्डिंग्स लगे हुए हैं। कई जगहों पर जापानी भाषा में होर्डिंग्स के साथ-साथ दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए हैं।

उदय पटेल

Home / Ahmedabad / मोदी-शिंजो आवे छे, स्वागत को तैयार गुजरात

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो