scriptविश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष: घर में उगाए 1000 पेड़ों को सार्वजनिक जगहों पर रोपा | Planted 1000 home grown trees in public places | Patrika News
अहमदाबाद

विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष: घर में उगाए 1000 पेड़ों को सार्वजनिक जगहों पर रोपा

67 वर्षीय महेशभाई दे रहे हैं पर्यावरण को बनाए रखने की सीख

अहमदाबादJun 04, 2021 / 11:11 pm

MOHIT SHARMA

घर में उगाए 1000 पेड़ों को सार्वजनिक जगहों पर रोपा

घर में उगाए 1000 पेड़ों को सार्वजनिक जगहों पर रोपा

अहमदाबाद. सुरेन्द्रनगर जिले के चूडा में पिछले तेरह वर्षों में एक बुजुर्ग पर्यावरण का जतन करने में जुटा है। उन्होंने एक हजार पेड़ अपने घर पर ही उगाकर सार्वजनिक जगहों पर रोप दिए। 67 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति पर्यावरण को बनाए रखने की सीख दे रहे हैं।
पालीताणा में जन्मे महेशभाई उपाध्याय (67) पिछले 60 वर्षों से सुरेन्द्रनगर जिले के चूडा में रह रहे हैं। प्रकृति के साथ प्रेम करने वाले महेशभाई ने पिछले 13 वर्षों में अपने घर पर विविध प्रजाति के 1000 से अधिक पौधे उगाए। इन पौधों की अच्छे से देखभाल की उसके बाद एक-एक कर सार्वजनिक जगहों पर लगाया। वे श्मशान घाट, स्कूल आदि में इन पौधों को निस्वार्थ भाव से लगा रहे हैं। महेशभाई ने वर्ष 2007 से पौधे उगाने शुरू किए थे। अपने घर में ही 125 गमले लगाकर अलग-अलग पौधे उगाते हैं। ये पौधे जैसे ही बड़े होते हैं उन्हें सार्वजनिक जगहों पर लगा दिया जाता है।
गमले के खाली होने पर दूसरे पेड़ उगाए जाते हैं। इस तरह से अब तक एक हजार से अधिक पौधे सार्वजनिक जगहों पर लगा कर बड़े किए जा चुके हैं। महेशभाई ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पौधों से लगाव रहा है।
मित्र भी हुए प्रेरित
जिस तरह से महेशभाई घर में पौधे लगाते हैं उसी तरह से उनके चार मित्र भी उनसे प्रेरित हुए। वे भी पौधे घर में बड़ा करके उन्हें बाहर रोपने लग गए हैं। उनका कहना है कि पर्यावरण को बनाए रखने के लिए पौधों का होना जरूरी है।
कोई नहीं हुआ कोरोना संक्रमित
महेशभाई के पुत्र त्रिलोक ने बताया कि इन दिनों कोरोना महामारी का प्रकोप है। ऐसे में लोग ऑक्सीजन के लिए दौड़धाम कर रहे हैं लेकिन उनके घर में अभी तक कोई भी कोरोना से संक्रमित नहीं हुआ है। इतना ही नहीं घर में किसी तरह की दवाइयों की भी जरूरत नहीं होती है। इसका कारण वे घर में पेड़ पौधों से अनुकूल वातावरण बताते हैं। घर में पौधे होने से एसी की जरूरत भी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि हर दिन दो घंटे के जतन से यह सब संभव हो जाता है।

Home / Ahmedabad / विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष: घर में उगाए 1000 पेड़ों को सार्वजनिक जगहों पर रोपा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो