अजमेर/जयपुर. चने का स्टॉक कम होने तथा दिसावरी मांग लगातार बनी रहने से चना व इसकी दाल में जोरदार तेजी का रुख बना हुआ है। दो सप्ताह के अंतराल में चना 400 रुपए प्रति क्विंटल उछल गया है। जयपुर मंडी में मिल डिलीवरी चना गुरुवार को 4600 रुपए तथा मीडियम चना दाल 5400 रुपए प्रति क्विंटल पर मजबूत बोली जा रही थी। सिंघल दाल मिल के कमल अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में नेफैड के पास भी चने का स्टॉक निरंतर घट रहा है। चना व इसकी दाल की सप्लाई राहत कार्यों में होने से भी नेफैड के स्टॉक में कमी आई है। सरकार के पास वर्ष 2020 में खरीदे हुए चने का ही स्टॉक रह गया है। इसे देखते हुए चने में मंदी के आसार नहीं हैं।